गुवाहाटी : मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्वशर्मा की अध्यक्षता में दिसपुर स्थित जनता भवन में सोमवार को आयोजित  राज्य कैबिनेट की बैठक में कई महत्वपूर्ण फैसले लिए गए। बैठक में राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग के अधिनियमों में संशोधन का फैसला लिया गया।  मंत्रिमंडल ने फैसला लिया कि पटवारी, मंडल तथा अमीन के वेतन में 3 वेतन वृद्धि जोड़ी जाएगी। असम सरकार की ओर से असम लॉजिस्टिक्स-2022 को अपनाया गया है। जनता नीति के तहत सुचारू रूप से कुछ भी काम कर सकते हैं। इसके अलावा असम मोटर वाहन अधिनियम-2003 संशोधित किया गया है। इस संशोधन के तहत जब्त किए गए वाहनों की 90 दिनों के बाद नीलामी की जा सकती है। कैबिनेट के फैसले के अनुसार अब 13 साल  में पंचायत विस्तार अधिकारी  व सहायक बीडीओ की पदोन्नति होगी। गौरतलब है कि पहले यह 15 साल में हुआ करती थी। कैबिनेट ने फैसला लिया है कि राज्य में 45 दिनों के भीतर सभी बार ऑफलाइन हो जाएंगे। उपायुक्तों को 45 दिनों के भीतर ग्रामीण क्षेत्रों में ऑनलाइन-लाइसेंस और ऑफलाइन-लाइसेंस शराब की दुकानों का अधिकार दिया गया है। अब से ग्रामीण क्षेत्रों में बार नहीं, सिर्फ शराब की दुकानें होंगी। बार को शराब की दुकानों में बदला जाएगा। कैबिनेट में पेंशनभोगियों के लिए कानून में भी कुछ संशोधन किए गए हैं। कैबिनेट ने फैसला लिया कि मणिपुर में 20 मृत और लापता व्यक्तियों के परिजनों को दो-दो लाख रुपए और सात घायलों को 25-25 हजार रुपए का भुगतान किया जाएगा। कैबिनेट ने यह भी फैसला लिया कि जिन लोगों के घर बाढ़ से तबाह हो गए थे उन्हें 20 अगस्त को मुआवजा दिया जाएगा। रिपोर्ट के अनुसार 5,532 घर पूरी तरह से नष्ट हो गए थे। पहाड़ी क्षेत्रों में निवास करने वालों को 1,01,900 रुपए तथा मैदानी क्षेत्र में रहने वालों के लिए 95,000 रूपए दिए जाएंगे। बाढ़ में घर की क्षति के लिए पीड़ितों को दिए जाएंगे 123 करोड़ रुपए। मुआवजे के पैसे सबके बैंक खाते में भर दिया जाएगा। कैबिनेट ने यह भी तय किया कि कौन से मंत्री कहां झंडा फहराएंगे? इसके अनुसार बंगाईगांव में रंजीत दास, डिब्रुगढ़ में अतुल बोरा, विश्वनाथ में उर्खाओ गौड़ा ब्रह्म, कामरूप में चंद्रमोहन पटवारी, कछार में परिमल शुक्लवैद्य, गोलाघाट में केशव महंत, धुबड़ी में रनोज पेगु, शोणितपुर में अशोक सिंघल, जोरहाट में अजंता नेउग, नगांव में पीयूष हजारिका, शिवसागर में विमल बोरा,बरपेटा में नंदिता गार्लोसा, नलबाड़ी में जयंत मल्लबरुवा, लखीमपुर में जोगेन मोहन और तिनसुकिया में संजय किसान झंडा फहराएंगे।