गुवाहाटीः मुख्यमंत्री डा.हिमंत विश्वशर्मा ने बुधवार को फिर से प्रदेश की जनता से तिरंगा खरीदने की अपील की है। उल्लेखनीय है कि कोविड काल में मास्क तैयार करने की मुहिम से जिस तरह सैकड़ों समूहों, संगठनों ने अलग पहचान बनाई थी, तिरंगा तैयार करने में लोग उसी तरह जुटे नजर आ रहे हैं। असम में पिछले मंगलवार तक 53 लाख तिरंगा बेचे जा चुके हैं। वहीं सत्तारूढ़ मंत्री, विधायकों, कार्यकार्ताओं तथा विपक्षी दलों की ओर से तिरंगा यात्रा का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में बुधवार को कामरूप (मेट्रो) जिला प्रशासन की ओर से भी तिरंगा रैली निकाली गई। इस रैली में असम सरकार के मंत्री चंद्र मोहन पटवारी, जिला उपायुक्त समेत बड़ी संख्या में सरकारी कर्मचारियों ने भाग लिया। उल्लेखनीय है कि गुवाहाटी समेत राज्यभर में हर घर तिरंगा अभियान से सैकड़ों परिवारों को रोजगार भी मिल रहा है। हिमंत ने कहा कि प्रदेश के स्वयं सहायता समूहों और अन्य तमाम लोगों को बड़ी मात्रा में तिरंगा तैयार करने का ऑर्डर मिल रहा है। असम सरकार के अनुसार मंगलवार तक विभिन्न संगठनों द्वारा 16 करोड़ से अधिक का कारोबार होने की खबर है। मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्वशर्मा ने आज प्रदेश की जनता से आह्वान करते हुए कहा कि राज्य में हर घर तिरंगा अभियान के लिए लोगों को स्वयं सहायता समूहों द्वारा बनाए गए तिरंगा खरीदने चाहिए। लोग असम राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन (एएसआरएलएम) और राष्ट्रीय शहरी जीविका अभियान मिशन के तहत तैयार किए गए तिरंगे को खरीदें। उन्होंने कहा कि लोगों के सहयोग से इस कार्य में जुड़े सैकड़ों लोगों को रोजगार के अवसर मिल रहे हैं। उनके द्वारा तैयार किए गए तिरंगे को निजी और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर फहराया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने राष्ट्रव्यापी कायक्रम के तहत 13 से 15 अगस्त तक शैक्षणिक संस्थानों सहित घरों, सरकारी और निजी संस्थानों में 80 लाख राष्ट्रीय ध्वज फहराने का लक्ष्य रखा है। मुख्यमंत्री हिमंत ने कहा कि लोगों को आगे बढ़कर अभियान को सफल बनाने के लिए तिरंगे की खरीदारी करना चाहिए।
हर घर तिरंगा अभियान के लिए स्वयं सहायता समूहों से खरीदें तिरंगा : सीएम