गुवाहाटीः देशभक्ति के जोश के बीच शनिवार को राजधानी गुवाहाटी तथा राज्य के अन्य हिस्सों में स्वतंत्रता के 75 वें वर्ष के उपलक्ष्य में आजादी का अमृत महोत्सव के तीन दिवसीय हर घर तिरंगा को ध्यान में रखते हुए प्रभात फेरी, रैली और भव्य समारोह की शुरुआत हुई। प्रदेश के राज्यपाल प्रो.जगदीश मुखी, मुख्यमंत्री हिमंत विश्वशर्मा, केंद्रीय मंत्री सर्वांनद सोनोवाल, राज्य सरकार के मंत्री के अलावा सत्तारूढ़ दल व घटक दल के विधायकों ने 15 अगस्त तक चलने वाले इस उत्सव में अलग-अलग कार्यक्रम में हिस्सा लिया। असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने शनिवार की सुबह प्रभात फेरी में छात्रों के साथ भाग लेते हुए इस तीन दिवसीय कार्यक्रम का शुभारंभ किए। मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्वशर्मा ने भी दिघलीपुखुरी के पास स्कूल और कॉलेज के छात्रों के साथ भव्य प्रभात फेरी में हिस्सा लिया। कार्यक्रम में भाग लेकर अपनी खुशी व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस से पहले आजादी का अमृत महोत्सव मनाने के लिए निकाली गई प्रभात फेरी में सहज रूप से भाग लेने वाले स्कूली छात्रों के साथ अपने दिन की शुरुआत करते हुए खुशी हो रही है। उनके वंदे मातरम के नारे के बीच मन प्रफुल्लित हो गया, जिन्होंने स्वतंत्रता दिवस के पहले आजादी का अमृत महोत्सव मनाने के लिए प्रभात फेरी में स्वतःहिस्सा लिया। मुख्यमंत्री ने छात्रों तथा आम लोगों को उनकी सहज भागीदारी के लिए धन्यवाद दिया। मुख्यमंत्री ने स्वतंत्रता का संदेश फैलाने और युवा पीढ़ी को देशभक्ति की भावना को आत्मसात करने में मदद करने का भी अनुरोध किया। मुख्यमंत्री ने लोगों से आजादी का अमृत महोत्सव के अवसर पर समाज को हरा-भरा बनाने का संकल्प लेने का आह्वान किया। उन्होंने यह भी कहा कि लोगों को देश को विश्व गुरु बनाने के लिए कार्य करने का संकल्प लेना चाहिए। उन्होंने मौके पर मौजूद लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि यह त्योहार देश के लोगों को समर्पित है, जिन्होंने न केवल भारत को अपनी विकास यात्रा में आगे लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है, बल्कि उनमें प्रधानमंत्री मोदी के आत्मनिर्भर भारत के सपने को साकार करने की शक्ति और क्षमता भी है। उल्लेखनीय है कि उन्होंने एक रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किए तथा इस मौके पर पौधा रोपन भी किया।
हर घर तिरंगा अभियान शुरू