धुबड़ीः धुबड़ी स्थित महाबाहु ब्रह्मपुत्र में आज शनिवार को पानी की धार से भी तेज तिरंगा लहर दौड़ती नजर आई। नजारा कुछ इस कदर था कि मानो महाबाहु ब्रह्मपुत्र के जल से निकली धार की हर एक बूंद भी लहराते तिरंगे को सलामी दे रही हो। पूरा देश जहां आजादी के अमृत महोत्सव में डूबा हुआ है, वहीं भारत बांग्लादेश की अंतर्राष्ट्रीय सीमा पर स्थित एक छोटे से शहर धुबड़ी भी मानों तिरंगे की आगोश में अपने आपको मानों समेट चुका है। यहां लोगों में जबरदस्त देश प्रेम व उत्साह दिखा। उसके बल पर धुबड़ी जिला प्रशासन ने यहां की जीवन रेखा मानी जाने वाली ब्रह्मपुत्र में आज एक अनोखी बोट रैली का आयोजन किया। जिला उपायुक्त की ओर से अधिकारिक रुप से हरी झंडी दिखाने के पश्चात तिरंगों से सजाई गई व देश के रंग से सराबोर 75 मैराईन बोटो का काफिला महाबाहु ब्रह्मपुत्र के दिल पर बीचो-बीच शहर के कचहरी घाट से तिरंगा यात्रा के लिए रवाना हुआ। हर बोट पर लगाए गए 75 व इससे अधिक तिरंगे नद के बीच पूरी शान से लहराते देखे गए। यह अद्भुत बोट यात्रा जब चोलाकुरा चर पहुंची तो वहां कतारबद्ध तरीके से हाथों में तिरंगा लिए खड़े बच्चों ने सलामी के साथ यात्रा का सम्मान किया। इसके पश्चात यात्रा का निर्माणाधीन धुबड़ी-फुलबाड़ी पुल होते हुए धुबड़ी शहर स्थित सीसुब के वाटरविंग कैंप में समापन हुआ जहां विद्यालय के छात्र छात्राओं ने तिरंगा लहराकर स्वागत किया। इस अवसर पर इस अद्भुत नजारे को देखने ब्रह्मपुत्र के लगभग हर छोर पर लोगों की भीड़ देखी गई। देशभक्ति संबंधी नारों के बीच लोगों का उत्साह भी चरम था। इस ऐतिहासिक क्षण में जिला पुलिस अधीक्षक ने बताया कि इस यात्रा का मकसद देश के दूर-दराज अंदरुनी चर गांव इलाकों के नागरिकों को भी देशभक्ति की इस मुहिम से जोड़ना है। मालूम हो कि जिला प्रशासन ने पुलिस, सीसुब,अभ्यंतरणी जल परिवहन विभाग व धुबड़ी-फुलबाड़ी पुल निर्माण में जुटी एलएंडटी के सहयोग से इस बोट यात्रा का आयोजन किया गया।
महाबाहु में दौड़ पड़ी तिरंगा लहर, दिखा अद्भुत नजारा