नई दिल्ली : नौसेना प्रमुख एडमिरल आर. हरि कुमार और उनके मलेशियाई समकक्ष एडमिरल टैन श्री मोहम्मद रेजा बिन मोहम्मद सानी ने बुधवार को हिंद महासागर क्षेत्र में समुद्री सुरक्षा के लिए सामूहिक जिम्मेदारी के सिद्धांत को बनाए रखने का संकल्प लिया। भारतीय नौसेना ने बिना विस्तृत ब्योरा दिए कहा, ‘‘अपनी व्यापक वार्ता में, एडमिरल कुमार और एडमिरल रेजा ने दोनों पक्षों के बीच द्विपक्षीय नौसैनिक सहयोग को और मजबूत करने के लिए कई नए क्षेत्रों की पहचान की।’’ हिंद महासागरमें सामूहिक जिम्मेदारी के सिद्धांत को बनाए रखने के लिए दोनों नौसेनाओं द्वारा यह संकल्प इस क्षेत्र में चीन की बढ़ती गतिविधियों से उपजी चिंताओं के बीच जताया गया। मलेशियाई नौसेना प्रमुख भारत के चार दिवसीय दौरे पर हैं। नौसेना ने कहा कि एडमिरल कुमार ने मलेशियाई नौसेना प्रमुख को भारतीय नौसेना द्वारा की जा रही विदेशी सहयोग गतिविधियों की एक विस्तृत शृंखला से अवगत कराया। नौसेना ने एक बयान में कहा कि उन्होंने द्विपक्षीय नौसैनिक सहयोग को और मजबूत करने के लिए कई नये क्षेत्रों की पहचान की और हिंद महासागर क्षेत्र में समुद्री सुरक्षा के लिए सामूहिक जिम्मेदारी के सिद्धांत को बनाए रखने के अपने समर्थन के प्रति प्रतिबद्धता भी व्यक्त की। एडमिरल रेजा विदेश मंत्रालय और राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद सचिवालय (एनएससीएस) के उच्च अधिकारियों के साथ भी बातचीत करेंगे। एडमिरल रेजा भारतीय नौसेना के कोच्चि स्थित द्रोणाचार्य गनरी प्रशिक्षण प्रतिष्ठान के पूर्व छात्र हैं।