इन दिनों भीषण गर्मी ने न सिर्फ आमजन को बल्कि सरकार को भी चिंता में डाल रखा है । ऐसे में सोनभद्र जिले के एक पीसीएस अफसर ने पर्यावरण संरक्षण और धरती को ग्लोबल वार्मिंग से बचाने के लिए एक अनोखी पहल की शुरुआत की है। हाल ही में दुद्धी एसडीएम का चार्ज ग्रहण करने वाले शैलेंद्र कुमार मिश्रा के सामने पहली बार शांतिभंग का केश आया तो वे अधिवक्ता के सामने अभियुक्तों के लिए ऐसा फरमान सुनाया कि सभी सोच में पड़ गए । एसडीएम ने कहा कि शांतिभंग में आए सभी अभियुक्तों के अलावा जमानतदारों से भी पौधरोपण का बांड भराकर फिर छोड़ा जाय । फिर क्या था एसडीएम की नई पहल को पंख मिलनी शुरू होने लगी और अधिवक्ताओं ने भी एसडीएम की पहल की सराहना करते हुए इसे नेक पहल बताया। एसडीएम कोर्ट में शांतिभंग मामलों में जमानत देने के लिए अभियुक्तों से पौधे लगाने का बांड भरवा रहे हैं। यही नहीं जमानतियों को भी दो-दो पौधे लगाने का बांड भरना होता है। इस आदेश के बाद अभियुक्त जमानत के लिए दुद्धी एसडीएम कोर्ट में पहुंचते हैं और उन्हें मुचलके के साथ-साथ दो पेड़ लगाने के लिए शपथ पत्र देना होता है। जमानत लेने वाले शख्स को एक पौध भी लगाना होता है। दरअसल, पुलिस लड़ाई-झगड़े के जिन छोटे मामलों में अभियुक्तों का चालान शांति भंग की आशंका में सीआरपीसी की धारा 107/ 116/151 में करती है, उन्हें जमानत के लिए एसडीएम कोर्ट में पेश किया जाता है। इन अभियुक्तों को मुचलका पाबंद करके छोड़ दिया जाता है। लेकिन दुद्धी के एसडीएम शैलेंद्र कुमार मिश्रा ने इसे पर्यावरण संरक्षण से जोड़ दिया है। आपको बतादें कि एसडीएम शैलेंद्र कुमार मिश्रा की दुद्धी तहसील में पहली पोस्टिंग इसी साल 26 अप्रैल 2022 को पोस्टिंग हुई है। इससे पहले वे डिप्टी कलेक्टर के पद पर तैनात थे।
पर्यावरण संरक्षण को लेकर एसडीएम की पहल शांतिभंग में जमानत के तौर पर लगवा रहे पौधे