जोरहाट : असम-अरुणाचल प्रदेश के बीच चल रहे सीमा विवाद का समाधान करने के लिए दोनों प्रदेश के मुख्यमंत्रियों द्वारा हस्ताक्षरित घोषणा पत्र के बाद दो दिवसीय दौरे पर अरुणाचल पहुंचे। असम के सीमा सुरक्षा व विकास मंत्री अतुल बोरा और अरुणाचल के मंत्री आलो लीबांग ने आज पुनः सीमावर्ती इलाकों का दौरा किया। नामसाई घोषणा पत्र के तहत आज के दौरे के दौरान मंत्री बोरा की अध्यक्षता में बनाई गई आंचलिक समिति और अरुणाचल के मंत्री लीबांग की अध्यक्षता में बनाए गए आंचलिक समिति के सदस्य भी मौजूद थे। दोनों प्रदेशों के मंत्री और सदस्यों ने तिनसुकिया जिले के सदिया के सीमावर्ती इलाके सहित अरुणाचल प्रदेश पूर्वी सियांग, लोअर दिबांग सीमावर्ती इलाके एक नंबर कालिंग, दो नंबर कालिंग, आटसुम, पागलम और रूक्म आदि विवादित इलाकों का दौरा किया। दौरे के समय मंत्री तथा सदस्यों ने इलाके के लोगों के साथ बातचीत की। दौरे के बात पत्रकारों से हुई बातचीत में असम के मंत्री अतुल बोरा ने कहा कि राज्य के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्व शर्मा के नेतृत्व में राज्य के सीमावर्ती दूसरे राज्य के बीच चल रहे सीमा विवाद जल्द ही खत्म हो जाएगा। इस मुद्दे को लेकर अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सहित नगालैंड और मिजोरम आदि राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने भी सकारात्मक संकेत दिया है। उनका कहना था कि आगामी 15 सितंबर के भीतर आंचलिक समितियां अपनी रिपोर्ट मुख्यमंत्री को सौंपेंगी। आज संयुक्त रूप से किए गए इस दौरे के दौरान सांसद प्रदान बरुवा, विधायक बलिन चेतिया, अरुणाचल के विधायक गाम तायेंग, मुसू मिथी सहित तिनसुकिया पूर्वीं सियांग, लोअर दिबांग वैली जिले के उपायुक्त व पुलिस अधीक्षक मौजूद थे।
असम-अरुणाचल सीमा के विवादित इलाकों का मंत्रियों ने दूसरे दिन भी लिया जायजा