छह महीने के बच्चे जहां ठीक से बैठना भी नहीं सीख पाते हों वहीं कोई बच्चा इस उम्र में वर्ल्ड रिकॉर्ड बना दे तो हैरान की बात है। दरअसल, अमरीका के उटाह राज्य में छह महीने के एक बच्चे ने एक विश्व रिकॉर्ड तोड़ दिया है, इसी के साथ इस बच्चे का नाम दुनिया के सबसे कम उम्र में वॉटर स्कीइंग करने वाले व्यक्ति के रूप में दर्ज हो गया है। सोशल मीडिया पर यह वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। न्यूज वेबसाइट यूपीआई की रिपोर्ट के मुताबिक, यह वीडियो सबसे पहले बच्चे के माता-पिता, केसी और मिंडी हम्फ्रीज ने इंस्टाग्राम पर पोस्ट किया था। वीडियो में देखा जा सकता है कि बच्चा बोट से कनेक्टिड आइरन रॉड को कसकर पकड़ा हुआ है। वहीं दूसरी तरफ उनके पिता दूसरी बोट पर हैं और बच्चे को देख रहे हैं। बच्चे ने लाइफ जैकेट भी पहनी हुई है। बता दें कि बच्चे को किसी तरह का नुकसान न हो इसके लिए उसे पूरी सेफ्टी के साथ पानी में उतारा गया। वीडियो शेयर करते हुए बच्चे के माता-पिता ने कैप्शन में लिखा, ‘मैं अपने छठे महीने के बर्थडे पर वॉटर स्कीइंग करने गया। यह बहुत बड़ा काम है, क्योंकि मैंने वलर्ड रिकॉर्ड बनाया है।’