गुवाहाटी : अरुणाचल प्रदेश में पतंजलि संस्थान की ओर से आज बुधवार को पॉम ऑयल मिल का शिलान्यास किया गया। पतंजलि फूड्स लिमिटेड के अध्यक्ष आचार्य बालकृष्ण ने भूमि पूजन के बाद अरुणाचल प्रदेश के विभागीय मंत्री तथा विभाग के अधिकारियों की उपस्थिति में शिलान्यस कार्यक्रम को अंतिम रूप दिया। उल्लेखनीय है कि अरुणाचल प्रदेश सरकार के कृषि, दुग्ध उत्पादन और मछली पालन मंत्री तागे ताकी इसे राज्य के आर्थिक विकास के लिए अहम कदम करार दिया। अधिकारिक सूत्रों के अनुसार पतंजलि फूड्स लिमिटेड ने पॉम ऑयल मिल की आधारशिला अरुणाचल प्रदेश के पूर्वी सियांग जिले के निगलोक स्थित औद्योगिक विकास केंद्र इलाके में रखी। इस मौके पर बालकृृष्ण ने कहा कि पतंजलि फूड्स अरुणाचल के नौ जिलों में किसानों के साथ मिलकर 38 हजार हेक्टेयर क्षेत्र में पॉम ऑयल प्लांटेशन की योजना पर काम कर रही है। देश में 5 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में बड़े पैमाने पर पॉम ऑयल प्लांटेशन की खेती करने की परियोजना है, जिसमें से 3.2 लाख हेक्टेयर पूर्वोत्तर राज्यों में होगा। इस पूर्वोत्तर पॉम ऑयल कार्यक्रम से अगले 30 वर्षों में अरुणाचल प्रदेश की अर्थव्यवस्था को लाभ पहुंचेगा। साथ ही स्थानीय किसानों को भी फायदा मिलेगा, वहीं प्रदेश के मंत्री तागे ताकी ने कहा कि केंद्र सरकार की पहल से इस परियोजना से औसतन लगभग 7.5 लाख मीट्रिक टन पॉम तेल का वार्षिक उत्पादन होगा और लगभग 5.8 लाख व्यक्तियों के लिए रोजगार का सृजन होगा। इसके अतिरिक्त विदेशी मुद्रा व्यय में अनुमानित लगभग 10,500 करोड़ रुपए की सालाना बचत होगी। उल्लेखनीय है कि आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, कर्नाटक, गुजरात, ओडिशा, तमिलनाडु, छत्तीसगढ़, अरुणाचल प्रदेश, असम, मिजोरम और त्रिपुरा जैसे 11 राज्यों के 55 जिलों में पतंजलि का पॉम ऑयल प्लांटेशन हो चुका हैं। सूत्रों के अनुसार 43 हजार किसान परिवारों के साथ पॉम ऑयल प्लांटेशन के तहत 60 हजार हेक्टेयर क्षेत्र में काम कर रहे हैं। उल्लेखनीय है कि पतंजलि पूरे देश में अपने गुणवत्तापूर्ण उत्पाद के कारण आज हर घर की पहली पसंदीदा कंपनी बन गई है। पतंजलि प्रधानमंत्री पूर्वोत्तर के विकास के सपनों को साकार करने की दिशा में काफी तेजी के साथ आगे बढ़ रही है।
आचार्य बालकृृष्ण ने अरुणाचल में पतंजलि की पाम ऑयल मिल का किया शिलान्यास