मुंबई : राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने दाऊद इब्राहिम और डी कंपनी से जुड़े लोगों के बारे में जानकारी देने वालों को इनाम देने का ऐलान किया है। एनआईए ने गुरुवार को इनामी राशि की लिस्ट जारी की। इसमें दाऊद पर 25 लाख का इनाम रखा गया है। इसके अलावा छोटा शकील की जानकारी देने पर 20 लाख इनाम की घोषणा की गई है। लिस्ट में दाऊद, छोटा शकील, अनीस इब्राहिम, जावेद चिकना और टाइगर मेमन का नाम है। ऐसा पहली बार है कि एनआईए ने सार्वजनिक तौर पर इतने बड़े इनाम का ऐलान किया है। खास बात ये भी है कि पहली बार इन लोगों की पुरानी और नई तस्वीरें एक साथ जारी की गई हैं। हालांकि दाऊद की नई फोटो नहीं है। उसकी वही फोटो जारी की गई है, जो 1993 मुंबई धमाकों के बाद कई सरकारी एजेंसियों ने जारी की थी। एनआईए को मुंबई में ड्रग्स और अवैध प्रॉपर्टी के जरिए टेरर फंडिंग के सबूत मिले हैं। इसके पीछे अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम का सिंडिकेट काम कर रहा है। आईएसआई की मदद से आतंक का नया मॉड्यूल तैयार किया जा रहा है। एनआईए की खुफिया रिपोर्ट के मुताबिक दाऊद गैंग के लोग पाकिस्तान के सपोर्ट वाले आतंकी संगठनों तक फंड पहुंचा रहे हैं। इस वजह से मुंबई, ठाणे और आसपास के इलाकों में फिरौती, सट्टेबाजी, बिल्डरों को धमकी और ड्रग्स का कारोबार बढ़ा है। ये काम दाऊद के नाम पर हो रहा है, लेकिन इसकी पूरी जिम्मेदारी उसके भाई अनीस के पास है। महाराष्ट्र और उत्तर प्रदेश एटीएस, दिल्ली पुलिस, एनआईए और ईडी की टीम ने टेरर फंडिंग में शामिल लोगों को पकड़ा है। आरोपियों के डी कंपनी के विदेश में फैले नेटवर्क, दाऊद के भाई अनीस इब्राहिम, छोटा शकील और टाइगर मेमन के साथ रिश्ते हैं। अंडरवर्ल्ड के खिलाफ काम कर चुके महाराष्ट्र पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि दाऊद गैंग दोबारा मुंबई और आसपास के इलाके को टारगेट कर रहा है। यहां से जमा फंड से यूपी-बिहार समेत उत्तर भारत के राज्यों में स्लीपर सेल को जिंदा किया जा रहा है। जांच एजेंसियों के मुताबिक, भारत में दाऊद का पूरा काम उसका भाई इकबाल कासकर देख रहा है। वह दाऊद के राइट हैंड छोटा शकील के संपर्क में था। ठाणे के बिल्डर सुरेश देवीचंद मेहता की शिकायत पर इकबाल अभी जेल में है। उसने मेहता से तीन करोड़ की फिरौती मांगी थी। एनआईए की जांच में पता चला कि दाऊद गैंग के लोग छोटा शकील और दाऊद इब्राहिम के नाम पर बिल्डरों से वसूली कर रहे हैं। गैंग से जुड़े लोग विवादित प्रॉपर्टी पर भी कब्जा कर रहे हैं। मुंबई से अरेस्ट सलीम फ्रूट के पास 10 हजार पन्नों के प्रॉपर्टी के डॉक्यूमेंट मिले थे। इनमें ज्यादातर सलीम फ्रूट के नाम पर हैं। सलीम अनीस इब्राहिम का रिश्तेदार है। इसी से एनआईए को शक हुआ कि बिल्डरों से वसूली डी गैंग के लिए की जा रही है। हालांकि, कुरैशी के वकील विकार राजगुरु ने दावा किया कि सलीम रियल एस्टेट एजेंट है। दाऊद गैंग एमडीएमए, एलएसडी और केटामाइन ड्रग्स की तस्करी कर रहा है। इसी से सबसे ज्यादा कमाई हो रही है। दो साल में एनसीबी और नारकोटिक्स सेल ने लगभग दो हजार करोड़ की ड्रग्स मुंबई और आसपास से बरामद की है।
डी गैंग पर 90 लाख का इनाम : एनआईए ने पहली बार जारी की सभी की फोटो