जोनाई : धेमाजी जिले के जोनाई महकमा के लाईमेकुरी के राकुत कके गांव में बीती रात एक घर से बच्चा की चोरी के आरोप में गांव के लोगों की एक भीड़ ने एक 32 वर्षीय मानसिक रूप से विकारग्रस्त युवक गोलाप बरुवा को पीट-पीट कर मौत के घाट उतार दिया। उल्लेखनीय है कि एक महिला ने बच्चा चोरी कर एक व्यक्ति के भागने  की जानकारी अपने परिजनो को दी। इसके बाद गांव वालों ने बच्चे की चोरी करने वाले लोगों की तलाश शुरू कर दी तभी गांववालों  का सामना  गोगामुख के सुतिया गांव के 32 वर्षीय मानसिक रोगी गोलाप बरुवा से हो गई। गांव वालों ने पकड़कर उससे पूछताछ की। भीड़ में से कुछ लोगों ने गोलाप बरुवा को पीट-पीट कर मार डाला। इस घटना की सूचना मिलते ही जोनाई पुलिस घटनास्थल पर पहुंच कर गोलाप बरुवा को लेकर जोनाई महकमा के तीस विस्तर युक्त ग्रामीण चिकित्सालय में भर्ती करा दिया जहां चिकित्सकों ने गोलाप बरुवा को मृत घोषित  कर दिया।  इसके पश्चाात आज इस घटना के बाद गोलाप बरुवा के परिवार वालों ने जोनाई थाना में उपस्थित हुए और  जोनाई थाना में एक प्राथमिकी दर्ज कराई। जोनाई पुलिस ने गोलाप बरुवा के शव का पंचनामा बनाकर शव का अंत्यपरीक्षण करने के लिए धेमाजी जिला चिकित्सालय में भेज दिया।  धेमाजी जिले के पुलिस अधीक्षक रंजन भुंइया इस घटना के बाद आज सुबह जोनाई पहुंचकर घटना की जानकारी ली। इसके बाद जोनाई के सदर थाना परिसर में एक संवाददाता सम्मेलन का आयोजन किया, जिसमें  पुलिस अधीक्षक रंजन भुंइया ने कहा कि इस घटनाक्रम में संदेह के आधार पर पूछताछ के लिए दो लोगों को लाया गया। साथ ही उन्होंने कहा कि इस प्रकार की घटना की पुनरावृत्ति नहीं होने दिया जाएगा। साथ ही उन्होंने जिले के लोगों से अनुरोध किया कि  किसी भी प्रकार की घटना के बारे में पुलिस को जानकारी दें और कानून को अपने हाथों में न लें । उल्लेखनीय है कि जोनाई महकमे में पिछले कुछ दिनों से बच्चा चोरी वाले गिरोह के बारे अफवाह फैली हुई है।