बिजनीः भारत-भूटान अंतर्राष्ट्रीय सीमा की सुरक्षा के लिए तैनात 54वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल, बिजनी एवं सभी समवाय/सीमा चौकी द्वारा आज 2 सितंबर 2022 को बड़ी संख्या में पौधारोपण किया गया। इस कार्यक्रम में 54वीं वाहिनी के सभी अधिकारी, अधिनस्थ अधिकारी एवं अन्य बलकर्मियों ने मिलकर स्थानीय ग्रामीणों के साथ वाहिनी मुख्यालय, सभी समवाय/सीमा चौकी कैम्पस व सार्वजनिक स्थलों पर बड़े पैमाने पर पौधारोपण किया। इसके साथ ही बल मुख्यालय द्वारा 54वीं वाहिनी को दिया गया पौधारोपण अभियान-2022 के लक्ष्य को पूरा किया गया। पौधारोपण करने से पहले सभी को इसके बारे में बताया गया और हमारे अस्तित्व और कल्याण के लिए पेड़ और पौधे कितने महत्वपूर्ण हैं, इसकी जानकारी दी गई। पौधारोपण हरियाली को फैलाने के सबसे आसान और तेज़ तरीकों में से एक है। पर्यावरण को साफ-सुथरा और हरा-भरा बनाने के लिए समय-समय पर पौधारोपण किया जाता है। सभी ग्रामीणों व बलकर्मियों को अधिक से अधिक पौधे लगाने के लिए आग्रह किया गया ताकि हम सब मिलकर भारतवर्ष के पर्यावरण को और अधिक शुद्ध व हरा-भरा रख सके। 54वीं वाहिनी की इस पहल के लिए स्थानीय ग्रामीणों ने भूरी-भूरी प्रसंशा की।
54वीं वाहिनी, सशस्त्र सीमा बल ने किया पौधारोपण