गुवाहाटीः आजादी के अमृत महोत्सव के अंतर्गत कार्यक्रमों की शृंखला में शिलांग से चलकर नई दिल्ली की 2795 किलोमीटर की दूरी तय करने वाली जांबाज और सीमा भवानी मोटरसाइकिल दस्ते से सजी सीमा सुरक्षा बल(बीएसएफ) मोटरसाइकिल रैली ने गुवाहाटी में अपने मंत्रमुग्ध कर देने वाले साहसी प्रदर्शन के बाद नलबाड़ी, बरपेटा रोड, बंगाईगांव और कोकराझाड़ के रास्ते धुबड़ी के लिए प्रस्थान किया। आज 02 सितंबर प्रातः सीमांत मुख्यालय बीएसएफ रानी परिसर से कमलजीत सिंह बन्याल, आईजी द्वारा रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। रैली का उद्देश्य देश के युवाओं में देशभक्ति की भावना, राष्ट्रीय एकता का भाव जगाना और नशे के खिलाफ जागरूकता पैदा करना है। रैली के सदस्यों ने रास्ते में पड़नेवाले गांवों और कस्बों से गुजरते हुए विभिन्न स्थानों पर स्कूली छात्रों, एनसीसी कैडेट्स और युवाओं के साथ बातचीत की। टीम को गणमान्य व्यक्तियों और लायंस क्लब के सदस्यों द्वारा नलबाड़ी और बरपेटा रोड पर सम्मानित किया गया। धुबड़ी पहुंचकर टीम राजा प्रभा चंद्र बरुवा कॉलेज, गौरीपुर में भी अपने डेयरडेविल शो का प्रदर्शन करेगी।