गुवाहाटी : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा)के संसदीय बोर्ड और केंद्रीय चुनाव समिति के सदस्य तथा केंद्रीय मंत्री सर्वानंद सोनोवाल का सोमवार को माछखोवा स्थित आईटीए सेंटर में प्रदेश भाजपा की ओर से भव्य स्वागत किया गया। केंद्रीय मंत्री को सम्मानित करते हुए प्रदेश भाजपा अध्यक्ष भवेश कलिता ने कहा यह पहली बार है कि सर्वानंद सोनोवाल और मुख्यमंत्री डॉ हिमंत विश्वशर्मा के संयुक्त नेतृत्व में असम का विकास तेजी के साथ हो रहा है। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने सोनोवाल को भाजपा की सर्वोच्च समिति में शामिल करने के लिए प्रधानमंत्री मोदी, राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और राष्ट्रीय संागठनिक महासचिव बीएल संतोष का भी आभार जताया। भव्य स्वागत समारोह में पार्टी कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए केंद्रीय मंत्री सर्वानंद सोनोवाल ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं के कठोर परिश्रम के कारण ही आज पार्टी ने उन्हें महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है। सोनोवाल ने इस सफलता को समस्त प्रदेश भाजपा की सफलता बताते हुए पार्टी की और मजबूती तथा प्रदेश की जनता के लिए प्रतिबद्धता के साथ काम करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि   भाजपा के लिए पहले देश उसके बाद दल और उसके बाद पार्टी के नेता हंै। भाजपा में किसी व्यक्ति विशेष की पूजा नहीं की जाती है। यहां ऐसी परिपाटी नहीं है। हम सबको देश के लिए निःस्वार्थ भाव से काम करना होगा। उन्होंने कहा कि नई जिम्मेदारी के लिए पूरे पूर्वोत्तर के लोग एक टीम की तरह काम करेंगे। उन्होंने कहा कि पार्टी का जो फैसला है कार्यकर्ताओं को खुले मन से स्वीकार करना चाहिए, तभी हम समाज तथा देश के लिए कुछ कर पाएंगे। मन में  कुछ रखकर कुछ नहीं कर सकते। हिमंत सरकार की प्रशंसा करते हुए सोनोवाल ने कहा कि असम हिमंत के नेतृत्व में काफी आगे बढ़ रहा है। इसके लिए सबको साथ मिलकर काम करने के बाद ही असम देश का नंबर वन राज्य बनेगा,वहीं इस सम्मान समारोह को संबोधित करते हुए असम के मुख्यमंत्री डॉ हिमंत विश्वशर्मा ने सर्वानंद सोनोवाल को भाजपा की  सर्वोच्च निर्धारण  समिति में जगह देने के लिए शीर्ष नेतृत्व का आभार प्रकट किया। मुख्यमंत्री शर्मा ने कहा कि भाजपा के शासन में असम अब निडर होकर आगे बढ रहा है। असम अब हर क्षेत्र में आसमान छू रहा है। उन्होंने कहा कि असम के मुख्यमंत्री के रूप में वह हमेशा यह सुनिश्चित करने में सक्षम रहेंगे कि सरकार का कोई भी कार्य असम के जातीय जीवन को नुकसान नहीं पहुंचा पाए। मुख्यमंत्री हिमंत ने कहा कि सर्वानंद सोनोवाल ने दोनों समिति में शामिल होकर एक नया ऐतिहासिक रच दिया है।  यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पूर्वोत्तर और यहां के लोगों के प्रति उनके अटूट प्रेम का प्रमाण है। उल्लेखनीय है कि आज आयोजित सम्मेलन में भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव दिलीप सैकिया ने केंद्रीय मंत्री का अभिवादन किया। प्रदेश भाजपा महासचिव दिप्लू रंजन शर्मा ने आज के कार्यक्रम का संचाल किया। उल्लेखनीय है कि केंद्रीय सोनोवाल को मुख्यमंत्री, प्रदेश अध्यक्ष, पार्टी के वरिष्ठ नेता, पार्टी के सभी मोर्चा, जिला समिति के पदाधिकारियों के अलावा मंडल  और बूथ समिति की ओर से स्वागत किया गया।  जिसमें असम के मंत्री रंजीत कुमार दास, परिमल शुक्लबैद्य, रनोज पेगू, चंद्र मोहन पटवारी, पार्टी के उपाध्यक्ष जयंत दास, रेखारानी दास बोड़ो, नव कुमार दलै, राज्यसभा सांसद पवित्र मार्घेरिटा, लोकसभा के पूर्व सांसद हरेन सिंह बे, सांसद तपन कुमार गोगोई, कई पूर्व प्रदेश अध्यक्ष,मेयर मृगेन शरणिया, उप मेयर स्मिता राय दास के अलावा बड़ी संख्या में पार्टी नेता उपस्थित थे।