मालीगांवः पूर्वोत्तर सीमा रेल के महाप्रबंधक अंशुल गुप्ता ने आज को तिनसुकिया में तिनसुकिया मंडल के क्षेत्राधिकार को कवर करने वाले संसद सदस्यों के साथ एक बैठक की। बैठक में कुल मिलाकर तीन सांसद और दो सांसदों के प्रतिनिधि उपस्थित थे, जिनमें पेट्रोलियम एवं प्राकृृतिक गैस मंत्रालय और श्रम एवं रोजगार मंत्रालय के केंद्रीय राज्यमंत्री रामेश्वर तेली, असम से राज्यसभा सांसद कामाख्या प्रसाद तासा, लखीमपुर लोकसभा केंद्र के सांसद प्रदान बरुवा,केंद्रीय बंदरगाह, जहाजरानी और जलमार्ग एवं आयुष मंत्री सर्वानंद सोनोवाल के प्रतिनिधि तथा असम से राज्यसभा के सांसद अजीत कुमार भुइयां के प्रतिनिधि शामिल थे। तिनसुकिया के मंडल रेल प्रबंधक बिजय कुमार मिश्रा के साथ पूसी रेल मुख्यालय के वरिष्ठ रेल अधिकारी भी उपस्थित थे। पूसी रेल के महाप्रबंधक ने सभी सांसदों का स्वागत करते हुए अपने क्षेत्र के अधीन चल रहे परिचालन और बुनियादी ढांचे के कार्यों का संक्षिप्त विवरण पेश किया। उन्होंने पूरे पूसी रेल की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। उन्होंने पूसी रेल के विभिन्न स्टेशनों पर एक स्टेशन एक उत्पाद के कार्यान्वयन के बारे में सांसदों को जानकारी दी, ताकि स्थानीय उद्यमियों को स्थानीय क्षेत्र के उत्पादों और शिल्पों को प्रदर्शित करने और बेचने में मदद मिल सके। सांसदों को पूर्वोत्तर में चल रहे दोहरीकरण और नई लाइन परियोजनाओं की स्थिति से अवगत कराया गया। लामडिंग से डिब्रूगढ़ भाया शिमलगुड़ी और तिनसुकिया तक दोहरीकरण कार्य को मंजूरी दी गई है और कार्य प्रक्रियाधीन है। महाप्रबंधक ने उल्लेख किया कि पूसी रेल द्वारा जावक और आवक दोनों परिवहन के संचालन के लिए पूर्वोत्तर राज्यों में पीएम गतिशक्ति को तेजी से अपनाने पर जोर दिया गया है। उन्होंने पीएम गतिशक्ति फ्रेमवर्क को लागू करने के लिए रेलवे की संशोधित भूमि नीति के कैबिनेट द्वारा अनुमोदित प्रस्ताव पर प्रमुखता से प्रकाश डाला। उन्होंने आगे कहा कि राज्य के बाहर स्थानीय उत्पादों के निर्यात के लिए अधिक से अधिक किसान रेल संचालित की जा रही हैं। महाप्रबंधक ने उपस्थित माननीय संसद सदस्यों को ट्रेन-हाथी टक्कर की संभावना को टालने के लिए पूसी रेल के अधीन शुरू की जाने वाली इंट्रुशन डिटेक्शन सिस्टम के बारे में भी जानकारी दी। माननीय सांसदों से अनुरोध किया गया था कि वे अवैध अतिक्रमण हटाने, अनाधिकृृत क्रॉसिंग को बंद करने, लेवल क्रॉसिंग को बंद करने आदि में सहायता प्रदान करें, ताकि सुरक्षा को और बेहतर बनाया जा सके और विभिन्न विकास कार्य किये जा सकें। तिनसुकिया मंडल के अधीन जनता की आवश्यकता से संबंधित वस्तुओं जैसे नई ट्रेन सेवाएं, बेहतर स्टेशन सुविधाएं आदि पर भी चर्चा की गई। इस बैठक में विचार-विमर्श से इस क्षेत्र के लोगों के लिए रेलवे द्वारा रेल विकास योजनाओं को अंतिम रूप देने में काफी मदद मिलेगी। महाप्रबंधक ने कहा कि प्रस्तावों को तैयार करते समय माननीय सदस्यों द्वारा दिए गए सुझावों और विचारों पर उचित विचार किया जाएगा।
पूसी रेल के महाप्रबंधक ने सांसदों के साथ की समीक्षा बैठक