नई दिल्ली: गौतम अडाणी समूह को इजराइल सरकार से बड़ी राहत मिली है। दरअसल, समूह को हाइफा पोर्ट के अधिग्रहण की प्रक्रिया पूरी करने के लिए डेढ़ महीने का वक्त मिल गया है। बता दें कि जुलाई माह में समूह की कंपनी अडानी पोट्र्स ने इजराइल के सबसे बड़े बंदरगाहों में से एक हाइफा पोर्ट को खरीदने के लिए बोली जीत ली थी। अधिग्रहण की प्रक्रिया जल्द से जल्द खत्म करनी थी लेकिन अडाणी समूह ने इजराइल सरकार से कुछ वक्त मांगा था। इजरायल के वित्त मंत्रालय ने बताया कि अडानी समूह के अनुरोध पर डेढ़ महीने का विस्तार किया गया है। 27 नवंबर की नई अंतिम तिथि निर्धारित की गई है। इस मामले में अडाणी समूह की ओर से तत्काल कोई टिप्पणी नहीं की गई। बता दें कि यह डील 4.1 बिलियन शेकेल (1.18 बिलियन डॉलर) लगभग 9500 करोड़ रुपए में हुई है। यह कारोबार 4.1 बिलियन शेकेल में अडाणी पोट्र्स ऑफ इंडिया और लोकल केमिकल और लॉजिस्टिक ग्रुप गैडोट को बेचेगा। यानी अडाणी ने अपने पार्टनर गैडोट के साथ मिलकर यह डील पूरी है। बता दें कि हाइफा भूमाध्यसागर तट पर स्थित इजराइल के सबसे बड़े पोट्र्स में से एक है।