नई दिल्ली: ग्लोबल एडवर्टाइजिंग और पब्लिक रिलेशन्स एजेंसी ओगिल्वी ने भारत में जन्मी देविका बुलचंदानी को अपना ग्लोबल चीफ एग्जीक्यूटिव ऑफिसर बनाया है। कंपनी ने एक बयान में कहा कि बुलचंदानी एंडी मेन की जगह लेंगी जो ग्लोबल सीईओ के रूप में पद छोड़ रही हैं और साल के अंत तक एक सीनियर एडवाइजर के रूप में काम करेंगी। बुलचंदानी अभी ओगिल्वी नॉर्थ अमरीका की ग्लोबल प्रेसिडेंट और सीईओ के रूप में काम कर रहीं हैं। अपनी नई भूमिका में वह 93 देशों में मौजूद 131 ऑफिसेज का काम देखेंगी। ओगिल्वी लीडिंग मार्केटिंग और कम्यूनिकेशन ग्रुप, डब्ल्यूपीपी का हिस्सा है। कंपनी ने कहा कि वह डब्ल्यूपीपी की कार्यकारी समिति में भी शामिल होंगी। डब्ल्यूपीपी के सीईओ मार्क रीड ने कहा कि देविका क्रिएटिविटी की चैंपियन हैं। उन्होंने कहा कि इंडस्ट्री के लिए उनका प्यार, ग्राहकों की जरूरतों की गहरी समझ और एजेंसियों और ब्रांडों के लिए ग्रोथ प्रदान करने का ट्रैक रिकॉर्ड अच्छा है। ये उन्हें ओगिल्वी को और भी अधिक सफलता की ओर ले जाने के लिए सही विकल्प बनाता है। अमृतसर में जन्मी बुलचंदानी ने यूनिवर्सिटी ऑफ सदर्न कैलिफोर्निया से मास्टर्स किया है। नॉर्थ अमरीका की एडवर्टाइजिंग एजेंसी मैककैन में विभिन्न नेतृत्व भूमिकाओं में 26 साल काम किया है। वो कंपनी की प्रेसिडेंट भी रह चुकी हैं। इंडिस्ट्री में वो देव नाम से पॉपुलर है। वह मास्टरकार्ड के लंबे समय से चल रहे ‘प्राइसलेस’ अभियान के साथ-साथ ‘ट्रू नेम’ के पीछे की प्रेरणा शक्ति थी, जो 2019 में लांच किया गया एक फीचर है।
ओगिल्वी की ग्लोबल सीईओ बनीं देविका बुलचंदानी