शिलांग : मेघालय के उपमुख्यमंत्री प्रेस्टोन तिनसॉन्ग ने आश्वासन दिया है कि पूर्वोत्तर इलेक्टि्रक पावर कॉरपोरेशन (नीपको) के कार्यालयों को शिलांग से गुवाहाटी में स्थानांतरित नहीं किया जाएगा। मेघालय के उपमुख्यमंत्री ने विपक्षी टीएमसी विधायक हिमालय शांगप्लियांग के एक सवाल का जवाब देते हुए राज्य विधानसभा में यह आश्वासन दिया।  इससे पहले, मेघालय के खासी छात्र संघ (केएसयू) ने नीपको कार्यालयों को शिलांग से असम के गुवाहाटी में संभावित स्थानांतरण पर आपत्ति जताई थी। केएसयू ने इस मामले को लेकर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को पत्र लिखा था। केएसयू ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को लिखे अपने पत्र में कहा कि मार्च, 2020 से नीपको के प्रबंधन ने निगम के महत्वपूर्ण कार्यालयों को शिलांग से गुवाहाटी स्थानांतरित कर दिया। केएसयू ने अपने पत्र में दावा किया कि यह तथ्य की बात है कि नीपको प्रबंधन ने मार्च, 2021 से गुवाहाटी में 5,30,479.00 रुपये के मासिक किराए पर एक इमारत किराए पर ली है। केएसयू ने कहा कि यह एक तरह से शक्ति और संसाधनों का दुरुपयोग है, जो निगम के लिए अतिरिक्त स्थापना खर्च जोड़ देगा जिसे आम लोगों को वहन करना पड़ता है।