नई दिल्ली: टेलीकॉम रेगुलेटरी अथॉरिटी ऑफ इंडिया (ट्राई) ने प्रीपेड मोबाइल ग्राहकों के हक में एक बड़ा फैसला किया है। ट्राई ने सोमवार को सभी टेलीकॉम कंपनियों को मोबाइल रिचार्ज की वैलिडिटी 28 दिन की बजाय 30 दिन देने का निर्देश दिया है। बता दें कि टेलीकॉम कंपनियों के मौजूदा प्लान में 28 दिन की वैलिडिटी होती है, जिसकी वजह से ग्राहकों को एक साल में 13 बार मंथली रिचार्ज कराना होता है। ट्राई के इस फैसले के बाद माना जा रहा है कि ग्राहकों की ओर से एक साल में कराए गए रिचार्ज की संख्या में कमी आएगी। ऐसा होने से ग्राहकों के एक महीने के एक्स्ट्रा रीचार्ज के पैसे बचेंगे। ट्राई ने टेलीकॉम कंपनियों के लिए एक नोटिफिकेशन जारी किया है। इस नोटिफिकेशन के मुताबिक, सभी टेलिकॉम सर्विस प्रोवाइडर को 30 दिनों की वैलिडिटी वाले कम से कम एक प्लान वाउचर, एक स्पेशल टैरिफ वाउचर और एक कॉम्बो वाउचर लाना ही होगा। इसके अलावा कंपनियों को नोटिफिकेशन की तारीख से 60 दिनों के अंदर नियमों के आदेश का पालन करने को कहा गया है। ट्राई ने अप्रैल के महीने में इस संबंध में कंपनियों को निर्देश जारी किया था कि उन्हें प्लान वाउचर और प्लान वाउचर रिन्यूअल कैटिगरी में कम से कम एक ऐसा टैरिफ लाना होगा, जिसकी वैलिडिटी 30 दिनों की होगी। टेलीकॉम कंपनियों के मौजूदा प्लान को लेकर ट्राई को लगातार ग्राहकों की शिकायतें मिल रही थीं। ग्राहकों का आरोप था कि मौजूदा टेलीकॉम कंपनियों की टैरिफ की कीमत लगातार बढ़ रही है, लेकिन वैलिडिटी घट रही है। ऐसे में हर साल उन्हें एक्स्ट्रा रीचार्ज करवाना पड़ता है। अगर वैलिडिटी 2 दिन बढ़ा दी जाएगी तो उन्हें राहत मिलेगी। मोबाइल टैरिफ में दो कैटिगरी हैं। पहली कैटिगरी वैलिडिटी पीरियड बेस्ड है। दूसरी कैटिगरी रिन्यूअल ऑन सेम डेट पर बेस्ड है। इसे एक महीने वाला प्लान भी कहते हैं।