गुवाहाटीः असम विधानसभा में प्रश्नकाल के दौरान पूरक प्रश्नों के लिए आवंटित समय में कटौती किए जाने को लेकर विपक्षी दल कांग्रेस ने मंगलवार को सदन से वाकआउट किया। पार्टी ने सत्र के दिनों की संख्या घटाए जाने को लेकर भी नाखुशी जताई। विधानसभा अध्यक्ष विश्वजीत दैमारी ने कहा कि सदन निर्धारित नियमों से संचालित होता है और कोई बदलाव सिर्फ नियम समिति द्वारा किया जा सकता है। दैमारी ने सदन को बताया कि सोमवार को कार्य मंत्रणा समिति (बीएसी) की एक बैठक में लिए गए निर्णय के मुताबिक, मंगलवार को प्रत्येक प्रश्न के उत्तर और पूरक प्रश्नों के लिए पांच मिनट का समय दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि पूर्व में मुख्य प्रश्न पूछने वाले के अलावा पूरक प्रश्न पूछने की अनुमति दो विधायकों को दी जाती थी, लेकिन कोई समय सीमा तय नहीं थी। सदन में नेता प्रतिपक्ष देवव्रत सैकिया ने विधानसभा अध्यक्ष के इस फैसले पर पुनर्विचार करने का आग्रह करते हुए कहा कि सदन में मुद्दे उठाने के लिए विपक्ष के पास सीमित माध्यम हैं और प्रश्नकाल महत्वपूर्ण है। ऐसे में प्रश्रकाल के समय कम कर दिया जाता है तो विपक्ष अपनी बातों को सरकार के सामने कैसे उठाएगा। उन्होंने कहा कि इस फैसले पर पुनर विचार किया जाए। उन्होंने विस अध्यक्ष से बार बार इस पर विचार करने की बात को दोहराते रहे। वहीं बीएसी की बैठक में कांग्रेस का प्रतिनिधित्व करने वाले विपक्ष के उपनेता रकीबुल हुसैन ने विधानसभा अध्यक्ष का जिक्र करते हुए दावा किया कि मुझे याद नहीं आ रहा कि प्रश्नकाल पर क्या कोई चर्चा हुई थी, जैसा आपने कहा है। हुसैन ने कहा कि मौजूदा सरकार के तहत सत्र के दिनों की संख्या 45 दिन से घटकर 26 दिन रह गई है। उन्होंने कहा कि हमें ऐसा लग रहा है कि वे विपक्ष को नहीं सुनना चाहते। कांग्रेस नेता ने विधानसभा अध्यक्ष से अनुरोध किया कि पूरक प्रश्नों के लिए 10 मिनट का समय दिया जाए। उल्लेखनीय है कि पूरक प्रश्नों के लिए पांच मिनट की अनुमति देने के अपने रुख से विधानसभा अध्यक्ष के पीछे नहीं हटने और मुख्य विपक्षी पार्टी की मांग को ठुकराने पर कांग्रेस के सभी विधायकों ने सदन से वाकआउट कर गए। उल्लेखनीय है कि विपक्ष के कई नेताओं ने बाहर आकर विस अध्यक्ष पर विपक्ष की मांग को अनदेखी करने का आरोप लगाया। उनका कहना है कि हमें इस दौरान राज्य हित में विभिन्न प्रकार के प्रश्र उठा कर सरकार का ध्यानकर्षण करने का अवसर मिलता है वह अवसर भी हमसे छिना जा रहा है।
कांग्रेस ने पूरक प्रश्नों के लिए समय में कटौती किए जाने पर विस से किया वाकआउट