कोकराझाड़ : कोविड-19 महामारी के ढाई साल बाद भूटान सरकार ने भारतीयों के साथ-साथ देशी- विदेशी पर्यटकों के लिए अपनी सीमा खोलने का फैसला किया है। आज सीमा को खोलने को लेकर बीटीसी सचिवालय में बीटीसी प्रशासन, बीटीसी के पांचों जिलों के डीसी, पुलिस अधीक्षकों व भूटान सरकार के गृह मंत्रालय के कानून व्यवस्था विभाग के संचालक के साथ एक बैठक का आयोजन किया गया। बीटीसी के ईएम धर्मनरायण दास की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में यह फैसला लिया गया कि भूटान के साथ दोस्ताना रवैया कायम रखने के लिए भूटान सीमा को पर्यटकों के लिए जल्द से जल्द खोला जाए। बैठक के अंत में पत्रकारों को जानकारी देते हुए भूटान सरकार के गृह मंत्रालय के कानून व्यवस्था विभाग के संचालक टासी पेंजेरे ने बताया कि 23 सितंबर को भारतीयों के साथ-साथ सभी देशों के पर्यटकों के लिए भूटान के सभी सीमाओं को खोल दिया जाएगा और भारतिय लोग जो भूटान में रात गुजारेंगे उनको प्रति व्यक्ति 12 सौ रुपया और अन्य देशों के लोगों को 2 सौ अमरीकन डालर देने होंगे। साथ ही उन्होंने कहा कि पर्यटकों की सुविधा के लिए भूटान के दादगिरी और नामलांग में प्रवर्जन कार्यालय खोले जाएंगे। इस अवसर पर भूटान के सरपांग जिले के डीसी लवजांग,संद्रुप झंखार के टासी बांग-गुम,चंद्रुपझंखार के एसपी सोंगायेलेक सहित 12 प्रतिनिधि शामिल थे। बीटीसी की और से बीटीसी के सचिव नरेन चंद्र बसुमतारी उपस्थित थे।
भूटान पर्यटकों के लिए ढाई साल बाद 23 से खोलेगा अपनी सीमा