नई दिल्ली: ट्विटर के शेयरधारकों ने मंगलवार को एलन मस्क द्वारा 44 बिलियन डॉलर की खरीद को मंजूरी दे दी। ट्विटर डील का मामला फिलहाल कोर्ट में चल रहा है। खबरों के मुताबिक, दुनिया के नंबर वन अरबपति एलन मस्क ट्विटर को खरीदने से पीछे हटना चाहते हैं। हालांकि, इस बीच ट्विटर ने मंगलवार को कहा कि प्रारंभिक गणना से पता चलता है कि शेयरधारकों ने 44 बिलियन डॉलर में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म खरीदने के लिए एलन मस्क की बोली का समर्थन किया है। शेयरधारकों की ऑनलाइन मीटिंग के दौरान मंगलवार को यह फैसला लिया गया। मीटिंग मुश्किल से कुछ ही मिनटों तक चली। इसमें अधिकांश वोट ऑनलाइन डाले गए थे। ट्विटर ने मस्क पर डील पूरा करने के लिए मुकदमा दायर किया है, और इसका ट्रायल अक्तूबर में शुरू होगा। इससे पहले ट्विटर के एक पूर्व सुरक्षा प्रमुख ने मंगलवार को अमरीकी कांग्रेस में कहा कि यह सोशल मीडिया मंच कमजोर साइबर सुरक्षा, निजता के खतरों और लाखों फर्जी खातों को नियंत्रित करने की असमर्थता से जूझ रहा है। जानेमाने साइबर सुरक्षा विशेषज्ञ पीटर एम जेटको अपने आरोपों पर दलील पेश करने के लिए सीनेट की न्यायिक समिति के समक्ष पेश हुए थे। उन्होंने कहा कि ट्विटर जनता, सांसदों और नियामकों को गुमराह कर रहा है तथा यह मंच उद्योगों के सर्वश्रेष्ठ मानदंड से एक दशक से अधिक पीछे है। जेटको के दावे ट्विटर को खरीदने के लिए टेस्ला मालिक एलन मस्क के 44 अरब डॉलर के सौदे से पीछे हटने के प्रयासों को भी प्रभावित कर सकते हैं।