नई दिल्ली : देश में आतंकी प्रशिक्षण देने के लिए जूडो-कराटे ट्रेनिंग सेंटर्स का सहारा लिया जा रहा है। तेलंगाना और आंध्र प्रदेश समेत देश के अलग-अलग कुछ राज्यों में इसी तरीके के ट्रेनिंग सेंटरों में आतंकी प्रशिक्षण शिविरों का संचालन हो रहा है। केंद्रीय गृह मंत्रालय से जुड़ी जांच एजेंसियों के मुताबिक यह प्रशिक्षण शिविर सिर्फ आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में ही नहीं बल्कि नॉर्थ ईस्ट के कुछ राज्यों से लेकर दक्षिण में केरल समेत उत्तर भारत के राज्यों में भी आतंकियों के स्लीपर सेल के माध्यम से युवाओं को गुमराह कर आतंकी प्रशिक्षण दिया जा रहा है। फिलहाल आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में तकरीबन तीन दर्जन जगहों पर छापेमारी में इस बात की पड़ताल हुई है। देश के कई राज्यों में चल रहे जूडो-कराटे ट्रेनिंग सेंटर अब देश की खुफिया और जांच एजेंसी के निशाने पर आ गए हैं। केंद्रीय जांच एजेंसी से जुड़े सूत्रों के मुताबिक यह पूरा आतंकी प्रशिक्षण शिविर युवाओं को बरगलाने और फिर उन्हें आतंकी प्रशिक्षण देकर देश में माहौल खराब करने के लिए तैयार किया जा रहा है। सूत्रों के मुताबिक पहली जानकारी अगस्त के महीने में सोशल मीडिया के माध्यम से तेलंगाना पुलिस को मिली कि कुछ युवा फेसबुक ट्विटर और इंस्टाग्राम के माध्यम से युवाओं को देश विरोधी हरकतों में शामिल कर रहे हैं। तेलंगाना पुलिस से जुड़े अधिकारियों का कहना है कि इस दौरान जब मामले की तफ्तीश की गई और सोशल मीडिया के माध्यम से लोगों को बरगलाने वालों को जब पकड़ा गया, तो मामले का कुछ और ही सिरा सामने आया। तेलंगाना पुलिस से जुड़े अधिकारियों का कहना है कि जांच में पता चला कि सोशल मीडिया के माध्यम से युवाओं को बरगलाने का प्रयास किया जा रहा है। जो कि देश विरोधी गतिविधियों में संलिप्त हो रहे थे। इस गंभीर मामले के सामने आने के बाद सारी जानकारी से केंद्रीय गृह मंत्रालय को अवगत कराया गया और मामले की जांच एनआईए को सौंप दी गई। एनआईए ने आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में 32 से ज्यादा जूडो-कराटे ट्रेनिंग सेंटरों पर रविवार को छापेमारी की। सूत्रों के मुताबिक इस दौरान एनआईए ने चार संदिग्ध लोगों को हिरासत में भी लिया है। सूत्रों का कहना है कि हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ चल रही है। हालांकि खुफिया एजेंसियों से जुड़े सूत्रों का कहना है कि जिन लोगों को तेलंगाना पुलिस ने हिरासत में सबसे पहले लिया था, उनसे ही एनआईए की पूछताछ के दौरान इस तरह की जानकारी सामने आई कि जूडो-कराटे ट्रेनिंग के माध्यम से देश में आतंकी प्रशिक्षण शिविर का संचालन हो रहा है। उसी के आधार पर एनआईए ने सबसे पहले आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में मिली जानकारी के ट्रेनिंग सेंटरों पर छापेमारी की और लोगों को हिरासत में लिया। जांच एजेंसी से जुड़े सूत्रों का कहना है कि युवाओं को बरगला कर जूडो-कराटे ट्रेनिंग सेंटर के नाम पर चल रहे आतंकी प्रशिक्षण शिविर में भेजने का मामला पहली बार सामने आया है। जानकारी के मुताबिक यह शिविर सिर्फ आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में ही नहीं चल रहे हैं। बल्कि उत्तर-पूर्व के कुछ राज्यों समेत केरल, तमिलनाडु, जम्मू कश्मीर, उत्तर प्रदेश, पंजाब और राजस्थान के भी इलाकों में ऐसे ही जूडो- कराटे ट्रेनिंग सेंटरों में आतंकी शिविरों के तार जोड़े जा रहे हैं। फिलहाल इन राज्यों के संदिग्ध जूडो-कराटे ट्रेनिंग सेंटर अब एनआईए के रडार पर आ गए हैं। जांच एजेंसी से जुड़े सूत्रों का कहना है कि जिन लोगों को हिरासत में लिया गया है उनसे बहुत कुछ पता चलने वाला है।