नई दिल्ली : जेपी नड्डा को बीजेपी अध्यक्ष के तौर पर एक्सटेंशन मिलने की संभावना है। बीजेपी से जुड़े सूत्रों के मुताबिक, यह एक्सटेंशन 2024 के लोकसभा चुनाव तक रहेगा। उनका कार्यकाल 20 जनवरी 2023 को खत्म होने वाला है। नड्डा ने 2020 में भाजपा की कमान संभाली थी। पार्टी में हर 3 साल पर अध्यक्ष के चुनाव होते हैं। भाजपा के सूत्रों के मुताबिक, अगले साल तक 10 राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनावों और 2014 के लोकसभा चुनाव को देखते हुए यह फैसला लिया गया है। नड्डा जुलाई 2019 में पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष बने थे। इसके बाद 20 जनवरी 2020 को पूर्णकालिक अध्यक्ष बनाए गए। उनका चुनाव सर्वसम्मति से हुआ। इससे पहले पूर्व अध्यक्ष अमित शाह को  भी 2019 में लोकसभा चुनाव तक विस्तार दिया गया था। पार्टी के संविधान के मुताबिक, अगर राज्य इकाइयों के 50 प्रतिशत संगठनात्मक चुनाव भी अगर पूरे हो जाते हैं तो राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव की प्रक्रिया शुरू की जा सकती है। चूंकि, भाजपा के संगठनात्मक चुनाव की प्रक्रिया इसी साल अगस्त में शुरू हो जानी थी, लेकिन यह अभी तक शुरू नहीं हो पाई है। ऐसे में नड्डा को एक्सटेंशन मिलना लगभग तय माना जा रहा है। हालांकि भाजपा के संविधान के अनुसार, पार्टी अध्यक्ष को तीन-तीन साल के लगातार दो कार्यकाल देने का भी नियम है। इसके अलावा जातीय समीकरणों के हिसाब से भी नड्डा फिट बैठते हैं। सूत्रों ने कहा कि आंतरिक चुनाव की कोई प्रक्रिया नहीं होगी। यह प्रक्रिया अगस्त में शुरू हो जानी चाहिए थी। लेकिन पार्टी के नेता राज्यों में होने वाले चुनाव की तैयारियों में जुट गए हैं। इस साल दो राज्यों गुजरात, हिमाचल प्रदेश में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। वहीं, अगले साल 8 राज्यों में विधानसभा चुनाव होने हैं। इनमें कर्नाटक, त्रिपुरा, मेघालय, मिजोरम, मध्य प्रदेश, राजस्थान, छत्तीसगढ़ और तेलंगाना शामिल हैं। इसके साथ ही पार्टी लोकसभा चुनाव की तैयारियों में जुटी भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा मंगलवार को नए प्रदेश प्रभारियों के साथ बैठक करेंगे। ये बैठक सुबह 10 बजे पार्टी हेडक्वार्टर में बुलाई गई है। नड्डा देर शाम को पार्टी महासचिवों के साथ भी बैठक करेंगे।