गुवाहाटीः केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष जेपी नड्डा के साथ शुक्रवार से असम के तीन दिवसीय दौरे पर रहेंगे। हेंगराबाड़ी स्थित प्रदेश भाजपा कार्यालय में आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन के दौरान प्रदेश भाजपा अध्यक्ष भवेश कलिता ने कहा कि यहां दोनों नेता शुक्रवार को गुवाहाटी पहुंचेंगे। उन्होंने कहा कि जेपी नड्डा कार्यालय उद्घाटन और खानापाड़ा स्थित वेटनरी खेल मैदान में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन में भाग लेने के बाद शनिवार की शाम को यहां से रवाना होंगे,जबकि शाह कई आधिकारिक कार्यक्रमों के बाद रविवार की शाम को राज्य से रवाना होंगे। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष कलिता ने कहा कि नड्डा और शाह शुक्रवार को शाम करीब चार बजे यहां पहुंचेंगे। इसके बाद वे पार्टी कार्यालय में आयोजित पार्टी की कोर कमेटी की बैठक में हिस्सा लेंगे। उन्होंने कहा कि शनिवार को दोनों नेता मुख्यमंत्री हिमंत विश्वशर्मा और केंद्रीय पत्तन, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्री सर्वानंद सोनोवाल, कई राष्ट्रीय नेताओं की मौजूदगी में बशिष्ठ चरियाली इलाके में राष्ट्रीय राजमार्ग-27 के बगल में नव निर्मित भाजपा के प्रदेश कार्यालय का उद्घाटन करेंगे। कलिता ने बताया कि कार्यक्रम के बाद अमित शाह और जेपी नड्डा खानपाड़ा में भाजपा के 40 सांगठनिक जिला समिति के पदाधिकारियों, बूथ,शक्ति केंद्र प्रमुख, मंगल समिति के अध्यक्ष के अलावा बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की एक रैली को संबोधित करेंगे। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि हमें उम्मीद है कि इसमें 40 से 45 हजार बूथ कार्यकर्ता शामिल होंगे। भाजपा की राज्य इकाई के प्रमुख ने हालांकि उनके अन्य कार्यक्रमों का जिक्र नहीं किया, लेकिन आधिकारिक सूत्रों न बताया कि नड्डा शनिवार की शाम को असम से रवाना हो जाएंगे। एक सूत्र ने कहा कि शाह यहीं रहेंगे और शनिवार की शाम व रविवार की सुबह गुवाहाटी के असम प्रशासनिक स्टाफ कॉलेज में होने वाली कई आधिकारिक बैठकों में भाग लेंगे। असम पुलिस के एक अन्य सूत्र ने कहा कि रविवार को अपराह्न में वह राज्य के पुलिस अधीक्षकों के सम्मेलन में भाग लेने के लिए गोलाघाट जिले के डेरगांव में पुलिस प्रशिक्षण कॉलेज का दौरा करेंगे। उन्होंने कहा कि गृह मंत्री रविवार की शाम जोरहाट हवाईअड्डे से असम से रवाना हो जाएंगे।
शाह और नड्डा आज से असम दौरे पर, नए प्रदेश कार्यालय का करेंगे उद्घाटन