गुवाहाटी : राष्ट्रपति और राज्यसभा चुनाव के बाद इस बार पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव को लेकर राजीव भवन बंटा हुआ दिख रहा है। एपीसीसी के कुछ सदस्य अध्यक्ष पद के लिएमल्लिकार्जुन खड़गे का समर्थन रहे हैं, जबकि कुछ शशि थरूर का। राहुल गांधी द्वारा कांग्रेस दल का अगला अध्यक्ष बनने से इनकार करने के बाद कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक में पार्टी अध्यक्ष पद के लिए चुनाव कराने का फैसला किया गया। उन्हें पार्टी के केंद्रीय चुनाव प्राधिकरण के रूप में नियुक्त किया गया था। पार्टी के दो वरिष्ठ नेताओं मल्लिकार्जुन खड़गे और शशि थरूर ने अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए अपना नामांकन दाखिल किया है। दोनों उम्मीदवार अपने चुनाव अभियान के लिए पहले ही विभिन्न राज्यों का दौरा कर चुके हैं। इसी सिललिसे में सोमवार अपराह्न करीब 4ः30 बजे मल्लिकार्जुन खड़गे एक विशेष विमान द्वारा गुवाहाटी हवाई अड्डा पहुंचे। हवाई अड्डे पर एपीसीसी अध्यक्ष भूपेन बोरा, विपक्षी दल के नेता देवव्रत सैकिया, सांसद गौरव गोगोई और अब्दुल खालेक, एपीसीसी के कार्यकारी अध्यक्ष राणा गोस्वामी, कमलाक्ष डे पुरकायस्थ और विधायक नूरुल हुदा ने खड़गे का स्वागत किया। एपीसीसी के सूत्रों ने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव में असम कांग्रेस के पास कुल 280 वोट हैं। प्रत्येक ब्लॉक कांग्रेस के एक प्रतिनिधि को मतदान करने का अवसर मिलेगा। वोटिंग 17 अक्टूबर को होगी और नतीजे 19 अक्तूबर को घोषित किए जाएंगे। इस बीच मल्लिकार्जुन खड़गे ने कलियाबर के सांसद गौरव गोगोई को अपनी ओर से पूर्वोत्तर और पश्चिम बंगाल के सभी राज्यों में चुनाव प्रचार की जिम्मेदारी सौंपी है। खड़गे के लिए प्रचार चलाने के लिए बरपेटा के सांसद अब्दुल खालेक तथा पूर्व मंत्री तथा वर्तमान विधायक रकिबुल हुसैन ने दल के सभी पदों से इस्तीफा दे दिया है। इसके विपरीत नगांव के सांसद प्रद्युत बारदलै ने पार्टी के दूसरे उम्मीदवार शशि थरूर के लिए प्रचार करने के लिए पहले ही एपीसीसी अध्यक्ष भूपेन बोरा को पत्र भेजकर पार्टी के सभी पदों से इस्तीफा दिया हैं। शशि थरूर 14 अक्तूबर को चुनाव प्रचार के लिए असम का दौरा करेंगे। इस परिप्रेक्ष्य में राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव को लेकर राजीव भवन में अब बंटवारा हो गया है। मल्लिकार्जुन खड़गे ने सोमवार शाम गुवाहाटी में एपीसीसी प्रतिनिधियों को संबोधित करने से पहले राजीव भवन में पूर्वोत्तर राज्यों के नेताओं के साथ बातचीत की।
एआईसीसी अध्यक्ष का चुनाव : खड़गे व थरूर को लेकर बंटा राजीव भवन