मिशन शक्ति अभियान के तहत छात्राओं को जागरूक करने के उद्देश्य से रूट्स इंटरनेशनल स्कूल की छात्राओं ने बुधवार को थाने का भ्रमण करते हुए पौधारोपण भी किया। इस दौरान महिला उप निरीक्षक चंचल तोमर ने छात्राओं को महिला हेल्पलाइन के बारे में भी जानकारी दी। बुधवार को रूट्स स्कूल के प्रधानाचार्य शेखर अवस्थी के नेतृत्व में छात्राओं का एक दल थाने पहुंचा और मिशन शक्ति अभियान के बारे में जानकारी की। प्रभारी निरीक्षक धीरज सोलंकी और महिला उप निरीक्षक चंचल तोमर ने सरकार द्वारा महिलाओं की सुरक्षा के लिए चलाई जा रही योजनाओं और हेल्पलाइन नंबरों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि किसी भी प्रकार की अनहोनी और समस्या होने पर वह इन हेल्पलाइन नंबर पर कॉल कर के मदद ले सकती हैं। इसके बाद छात्राओं ने थाना परिसर में पौधारोपण भी किया। इस अवसर पर निरीक्षक अपराध अता मोहम्मद, शिक्षिका मीरा त्यागी, स्वाति, श्वेता चौधरी आदि मौजूद रहे।