नई दिल्ली: पिछले साल की तुलना में कीमतें बढऩे के बावजूद इस साल करवा चौथ पर देशभर में 3,000 करोड़ रुपए से ज्यादा का सोना बिका है। पिछले साल करवा चौथ के दिन करीब 2,200 करोड़ रुपए का सोना बिका था। कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) एवं देश के छोटे ज्वेलर्स के बड़े संगठन ऑल इंडिया ज्वेलर्स एवं गोल्डस्मिथ फेडरेशन ने बृहस्पतिवार को कहा, कोरोना महामारी की वजह से 2020 और 2021 में करवा चौथ पर देशभर के सराफा बाजारों में सुस्ती रही थी। लेकिन, इस बार कोरोना से जुड़ीं पाबंदियां हटने और त्योहारी सीजन में लोगों के ज्यादा खर्च करने की धारणा से सराफा बाजारों में भारी भीड़ देखने को मिली। सोने व चांदी के आभूषणों की जमकर खरीदारी हुई। कैट के राष्ट्रीय अध्यक्ष बीसी भरतिया ने बताया, दिल्ली के अलावा मुंबई, आगरा, कानपुर, हैदराबाद, नागपुर, रायपुर, राजकोट, मेरठ, कोलकाता, अमृतसर, जयपुर, भोपाल, इंदौर, जम्मू, लखनऊ आदि शहरों के सराफा बाजार गुलजार रहे। ऑल इंडिया ज्वेलर्स एवं गोल्डस्मिथ फेडरेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष पंकज अरोड़ा ने बताया कि इस बार भारी से लेकर हल्के आभूषणों का बड़ा स्टॉक बाजार में था। एक तरफ सोने-चांदी के पारंपरिक गहनों के स्टॉक के साथ नए डिजाइन की भी मांग देखने को मिली। टियर-2 और टियर-3 शहरों में हमेशा की तरह ब्राइडल रिंग, चेन, चूड़ी, मंगलसूत्र की मांग ज्यादा रही। कैट के राष्ट्रीय महामंत्री प्रवीन खंडेलवाल ने कहा कि धनतेरस, दिवाली, से लेकर 14 नवंबर तक शादियों का मौसम रहने से सोने-चांदी के बाजार गुलजार रहते हैं।