नई दिल्ली: दूध की कीमतों में आए उबाल के बाद अब प्याज रुलाने को तैयार है। देश भर में प्याज की कीमतों में तेजी आई है। द फ्री प्रेस जर्नल की एक रिपोर्ट के अनुसार, पिछले सप्ताह में आवश्यक वस्तुओं की दरों में लगभग 60-80 फीसदी की वृद्धि देखी गई है। बता दें पिछले हफ्ते देश के दो सबसे बड़े मिल्क ब्रांडों अमूल और मदर डेयरी ने इनपुट लागत में वृद्धि का हवाला देते हुए फुल फ्रीम दूध की कीमतों में 2 रुपए प्रति लीटर की बढ़ोतरी की थी। समाचार पोर्टल ने कहा है कि कीमतों में उछाल तब तक जारी रहेगा जब तक कि नवंबर के पहले सप्ताह तक ताजा फसल बाजार में नहीं आ जाती। खबर के मुताबिक प्याज का खुदरा मूल्य कई जगहों पर 40 रुपए प्रति किलोग्राम को पार कर गया है। व्यापारियों ने कहा है कि प्याज बहुत जल्द 50 रुपए प्रति किलोग्राम के पार भी जा सकता है। अक्तूबर की शुरुआत में खुदरा बाजार में प्याज 15 रुपए से 25 रुपए प्रति किलोग्राम के बीच उपलब्ध था। स्टॉक से प्याज का खरीद मूल्य एक पखवाड़े पहले की तुलना में लगभग 30-40 फीसदी अधिक है। इसलिए, प्याज का खरीद मूल्य 15 रुपए और 30 रुपए प्रति किलोग्राम के बीच है। एक व्यापारी ने कहा कि रबी की फसल आने के बाद कीमतों में स्थिरता आएगी। कुल प्याज उत्पादन में रबी प्याज का योगदान 70 फीसदी है।
दूध के बाद अब प्याज हुआ महंगा