डायबिटीज, वैश्विक स्तर पर बढ़ती गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं में से एक है। इसमें ब्लड शुगर का स्तर बढऩे की समस्या होती है। शुगर लेवल बढऩा शरीर के लिए कई प्रकार की गंभीर जटिलताओं का कारण माना जाता है, इससे किडनी, तंत्रिकाओं, आंखों, लिवर के साथ कई अन्य महत्वपूर्ण अंगों को क्षति होने का खतरा हो सकता है। यही कारण है कि स्वास्थ्य विशेषज्ञ सभी लोगों को कम उम्र से ही डायबिटीज से बचाव के उपाय करते रहने की सलाह देते हैं। अध्ययनों में पाया गया है कि कुछ फलों का सेवन करना डायबिटीज रोगियों के लिए फायदेमंद हो सकता है, यह ब्लड शुगर के स्तर को कंट्रोल में रखने में मददगार पाया गया है। डायबिटीज में क्या खाना चाहिए, इस बारे में शोध कर रही वैज्ञानिकों की टीम ने पाया कि देश में सर्दियों के मौसम में बहुतायत में मिलने वाला अमरूद डायबिटीज रोगियों के लिए विशेष लाभकारी हो सकता है। अमरूद का फल एंटीऑक्सिडेंट, विटामिन-सी, पोटैशियम और फाइबर से भी भरपूर होता है, ऐसे में इसके शरीर के लिए कई प्रकार के स्वास्थ्य लाभ भी हो सकते हैं। डायबिटीज के अलावा हृदय रोगों के खतरे को कम करने में भी अमरूद के सेवन को वैज्ञानिकों ने लाभकारी पाया है। आइए इस बारे में आगे विस्तार से जानते हैं। डायबिटीज में अमरूद खाने से होने वाले फायदों के बारे में शोध कर रहे वैज्ञानिकों ने पाया कि यह रक्त शर्करा के स्तर में सुधार कर सकता है। टेस्ट-ट्यूब और जानवरों के अध्ययन में पाया गया कि अमरूद के फल के अलावा इसके पत्ते का अर्क भी रक्त शर्करा के स्तर को कंट्रोल करने में सहायक है। यह दीर्घकालिक रूप से शुगर को बढऩे से रोकने और इंसुलिन प्रतिरोध में मददगार हो सकता है।
मधुमेह रोगियों के लिए रामबाण है यह फल