नई दिल्ली: धनतेरस और दिवाली से पहले सोने-चांदी की कीमतों में गिरावट देखने को मिल रही है। सर्राफा बाजार में बुधवार को सोने की कीमत में गिरावट देखने को मिली है। इंडिया बुलियन एंड ज्वैलर्स एसोसिएशन की वेबसाइट के मुताबिक, 19 अक्तूबर को सर्राफा बाजार में सोना 227 रुपए सस्ता होकर 50,135 रुपए पर आ गया है। अगर चांदी की बात करें तो इसमें भी आज गिरावट देखने को मिली है। सर्राफा बाजार में ये 245 रुपए सस्ती होकर 55,765 रुपए प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई है। हालांकि, बीते दिनों इसकी कीमत में शानदार तेजी देखने को मिली थी। धनतेरस और दिवाली पर सोना खरीदना शुभ माना जाता है। कई लोग इस दिन सोना खरीदकर निवेश की औपचारिक शुरुआत भी करते हैं। अगर आप भी धनतेरस या दिवाली पर सोना खरीदने या इसमें निवेश करने का प्लान बना रहे हैं तो इन 5 बातों का ध्यान जरूरी रखें। हमेशा ब्यूरो ऑफ इंडियन स्टैंडर्ड (बीआईएस) का हॉलमार्क लगा हुआ सर्टिफाइड गोल्ड ही खरीदें। साथ में प्यूरिटी कोड, टेस्टिंग सेंटर मार्क, ज्वैलर का मार्क और मार्किग की डेट भी जरूर देख लें। सोने का सही वजन और खरीदने के दिन उसकी कीमत कई स्रोतों (जैसे इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन की वेबसाइट) से क्रॉस चेक करें। सोने का भाव 24 कैरेट, 22 कैरेट और 18 कैरेट के हिसाब से अलग-अलग होता है। सोना खरीदते वक्त कैश पेमेंट बड़ी गलती साबित हो सकती है। पीआई (जैसे भीम ऐप) और डिजिटल बैंकिंग के जरिए पेमेंट करना अच्छा रहता है। आप चाहें तो डेबिट या क्रेडिट कार्ड के माध्यम से भी पेमेंट कर सकते हैं। इसके बाद बिल लेना न भूलें। यदि ऑनलाइन ऑर्डर किया है तो पैकेजिंग जरूर चेक करें। ठगी से बचने का सबसे अच्छा तरीका ये है कि सोना हमेशा भरोसेमंद ज्वेलर से ही खरीदें। ऐसे ज्वेलर्स टैक्स जैसे वैधानिक अनिवार्यता का सही तरीके से पालन करते हैं। चूक होने पर उन्हें ब्रांड वैल्यू गिरने की चिंता रहती है। कई लोग सोने को निवेश की तरह देखते हैं।
दिवाली-धनतेरस से पहले सस्ता हुए सोना-चांदी