गुवाहाटी : अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू ने लंबे समय से चले आ रहे असम-अरुणाचल प्रदेश सीमा मुद्दे पर चर्चा के लिए सोमवार को ईटानगर में असम सरकार के मंत्रियों और वरिष्ठ अधिकारियों के एक प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात की। बैठक में 25 सदस्यों के प्रतिनिधिमंडल ने भाग लिया जिसमें सीमा सुरक्षा एवं विकास मंत्री अतुल बोरा, स्वास्थ्य मंत्री केशव महंत, जनस्वास्थ्य तकनीकी मंत्री जयंत मल्ल बरुवा, श्रम कल्याण मंत्री संजय किसान, खेल मंत्री बिमल बोरा और दो विधायक रंजीत दत्त व बलीन चेतिया, सीमा सुरक्षा और विकास विभाग के आयुक्त डीडी त्रिपाठी, संबंधित जिलों के आयुक्त और असम सरकार के अन्य वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए। बैठक में अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू, विभिन्न विभागों के मंत्री हैंचुन नांगदम, कमलांग मोचांग, बेमंग फेली, अलो लिबांग, तुमके बगराम तबा तादिर और तागे तकी, अरुणाचल प्रदेश के मुख्य सचिव और अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे। दोनों राज्यों ने ऐतिहासिक नामचाई घोषणा के आधार पर विवादित क्षेत्रों का संयुक्त रूप से निरीक्षण करने के लिए 12 क्षेत्रीय समितियों का गठन किया था। बैठक में इन समितियों द्वारा विवादित क्षेत्रों के दौरे से प्राप्त जानकारी के आधार पर पहले ही प्रस्तुत की जा चुकी रिपोर्टों के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की गई। कहा जाता है कि इस बैठक से विवादित क्षेत्रों में सीमा मुद्दे को सुलझाने के कई सकारात्मक पहलू सामने आए हैं। दोनों मुख्यमंत्रियों के नवंबर में होने वाली बैठक में असम-अरुणाचल प्रदेश सीमा मुद्दे का स्थायी समाधान निकालने की उम्मीद है। अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री की पेमा खांडू ने कहा कि बैठक में दोनों राज्यों की क्षेत्रीय समितियों द्वारा प्रस्तुत रिपोर्ट और सीमावर्ती जिलों से संबंधित विभिन्न मुद्दों पर चर्चा हुई। बैठक में मुख्यमंत्री हिमंत विश्वशर्मा और अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू ने भाग लिया।
सीमा मुद्दा : अरुणाचल प्रदेश के सीएम के साथ मंत्री स्तर की बैठक आयोजित