रांची/जमशेदपुर : झारखंड के पूर्व मंत्री सह जमशेदपुर पूर्वी के विधायक सरयू राय ने कहा कि ईडी मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के विधायक प्रतिनिधि पंकज मिश्रा पर हुई चार्जशीट के आधार पर सीएम को बुला रही है, जो साहेबगंज और पाकुड़ में गिट्टी घोटाला से संबंधित है। राय का आरोप है कि इस मामले में हेमंत सोरेन से अधिक घोटाला रघुवर दास के मुख्यमंत्री और खान मंत्री रहते हुआ है। इसका प्रमाण ईडी की उसी चार्जशीट में है, जिसके आधार पर हेमंत सोरेन को पूछताछ के लिए बुलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि हेमंत सोरेन सरकार पर तो सिर्फ गिट्टी घोटाले का आरोप है, जिसमें उनके प्रतिनिधि पंकज मिश्रा मुख्य अभियुक्त हैं, पर रघुवर दास पर तो गिट्टी घोटाला के साथ ही मनरेगा घोटाले का आरोप भी है, जो ईडी की उस चार्जशीट से साबित होता है, जिसमें पूजा सिंघल पर मुकदमा हुआ है। राय गुरुवार को जमशेदपुर में संवाददाता सम्मेलन कर यह आरोप लगा रहे थे। सरयू राय ने सवाल उठाया कि ईडी ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को तो पूछताछ के लिए बुलाया है पर रघुवर दास को नहीं। ईडी निष्पक्ष रहे और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के साथ तत्कालीन मुख्यमंत्री रघुवर दास को भी पूछताछ के लिए बुलाए। एक आंख में काजल और एक आंख में सुरमा की नीति से ईडी की विश्वसनीयता पर प्रश्न चिह्न लग रहा है। ईडी इस मामले में रघुवर दास से भी पूछताछ करे तभी उसे विश्वसनीय माना जाएगा। नहीं तो सवाल उठेंगे। सरयू के मुताबिक गिट्टी घोटाला में ईडी ने जो चार्जशीट दाखिल की है, उसमें लिखा हुआ है कि रघुवर दास जब मुख्यमंत्री और खान मंत्री थे, तब दो तिहाई घोटाला और हेमंत सोरेन के समय एक तिहाई घोटाला रेलवे रैक से बिना चालान गिट्टी ढुलाई में हुआ है। सरयू का यह भी आरोप है कि ईडी चार्जशीट के अनुसार रघुवर दास मुख्यमंत्री और खान मंत्री थे तब 2015 से 2019 के बीच हर साल रेलवे रैक से अवैध ढुलाई हुई है। यह ढुलाई 2015-16 से 2019-20 के बीच 233 रेक से हुई है और रघुवर दास सरकार में वसूली एजेंट प्रेम प्रकाश की कंपनी सीटीएस इंडस्ट्री ने यह अवैध ढुलाई की है। सरयू ने आरोप लगाया कि गिट्टी घोटाले में सरकारी खजाना को 100 करोड़ से अधिक की चपत लगी है। आरोप यह भी है कि वर्ष 2015-16 से लेकर 2017-18 तक रेलवे रेक से अवैध गिट्टी ढुलाई इनके मनोनुकूल नहीं हुई तो साहेबगंज के जिला खान पदाधिकारी को बदलकर वहां विभूति कुमार की पोस्टिंग की गई। सरयू ने पूजा सिंघल मामले पर भी गंभीर आरोप लगाए।