कृष्णनगर : पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बुधवार को आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) गुजरात में आगामी विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए संशोधित नागरिकता अधिनियम (सीएए) और राष्ट्रीय नागरिक पंजी (एनआरसी) का ‘इस्तेमाल’ कर रही है। तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) प्रमुख बनर्जी ने कहा कि वह पश्चिम बंगाल में सीएए को कभी भी लागू नहीं होने देंगी। बनर्जी ने भाजपा पर अलग राज्य की मांग उठाकर पश्चिम बंगाल में अलगाववाद को बढ़ावा देने की कोशिश करने का आरोप भी लगाया और कहा कि वह कभी भी राज्य का विभाजन नहीं होने देंगी। उन्होंने कहा कि जब भी कोई चुनाव आता है, भाजपा सीएए और एनआरसी को लागू करने की बात करती है। ऐसे में अगले महीने होने वाले गुजरात विधानसभा चुनाव और लोकसभा चुनाव में लगभग डेढ़ साल का समय बचे होने के बीच इसने फिर से सीएए के मुद्दे को भड़काना शुरू कर दिया है।’ बनर्जी ने कृष्णानगर में पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि क्या भाजपा तय करेगी कि कौन नागरिक है और कौन नहीं? मतुआ भी इस देश के नागरिक हैं।’