गुवाहाटी : केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने शुक्रवार को पूर्वोत्तर में 1.6 लाख करोड़ रुपए की आगामी नई परियोजनाओं को मंजूरी देने की घोषणा की। गुवाहाटी में पूर्वोत्तर क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं की समीक्षा के समापन के बाद संवाददाता सम्मेलन में उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं में सड़कें, रोपवे, आरओबी, ब्रह्मपुत्र नद पर प्रमुख पुल और अन्य जल निकाय शामिल हैं। मंत्री गडकरी ने कहा कि त्रिपुरा के उदयपुर और असम के सिलचर में मल्टी मॉडल लॉजिस्टिक्स पार्क भी \प्रस्तावित किए गए हैं। केंद्रीय मंत्री गडकरी ने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में हम पूर्वोत्तर भारत में कनेक्टिविटी की कमी को पाटने और क्षेत्र में परिवहन बुनियादी ढांचे को गति देने की दिशा में काम कर रहे हैं। मंत्री ने कहा कि लगभग 50 वे साइड सुविधाएं और 50 व्यू प्वाइंट भी विकसित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि पूरी हो जाने पर ये योजनाएं उत्तर पूर्वी क्षेत्र में पर्यटन क्षेत्र और अर्थव्यवस्था को महत्वपूर्ण बढ़ावा देंगी। गडकरी ने कहा कि पूर्वोत्तर में वर्ष 2024 तक करीब तीन लाख करोड़ रुपए की सड़क परियोजनाएं पूरी की जानी हैं जो इस क्षेत्र में संपर्क सुविधा बढ़ाने के प्रति भाजपा नीत केंद्र सरकार की प्रतिबद्धता के अनुरूप है। मंत्री ने कहा कि यदि राज्य सरकारें भू अधिग्रहण और वन मंजूरी के मुद्दे समय से सुलझा लेती हैं, तो केंद्र सरकार इस क्षेत्र के लिए दो लाख करोड़ रुपए की एक और परियोजना आवंटित करने के लिए तैयार है। पत्रकारों को संबोधित करते हुए गडकरी ने कहा कि यदि हम पूरी हो चुकी, जारी और आगामी सड़क परियोजनाओं को शामिल करें, तो इसका कुल मूल्य करीब तीन लाख करोड़ रुपए होगा। ये सभी परियोजनाएं वर्ष 2024 तक पूरी की जाएंगी। उन्होंने कहा कि बड़ी सड़क परियोजनाओं के अलावा पूर्वोत्तर में रोपवे, पुल, परिवहन और राजमार्ग के यात्रियों के लिए सुविधा केंद्र से जुड़ी कई परियोजनाएं चल रही हैं।
1.6 लाख करोड़ की नई परियोजनाओं की घोषणा