कोकराझाड़ : मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्वशर्मा ने आज रविवार को कहा कि जब से प्रमोद बोड़ो ने बीटीसी की बागडोर संभाली है तब से बीटीसी में शांति का वातावरण कायम है। यहां विकास के काम तेजी से हो रहे हैं। 2020 में हुए बीटीसी शांति समझौते के बाद से पूूरे असम में आठ हजार आतंकवादियों ने हथियार डाल दिए है। अब बीटीसी में शांति ही शांति है। मुख्यमंत्री ने आज उपरोक्त आशय की बातें कोकराझाड़ में आयोजित यूपीपीएल के वार्षिक अधिवेशन समापन समारोह को मुख्य अतिथि के रुप में संबोधित करते हुए कही। मौके पर उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए सीएम ने कहा कि हम चाहते हैं कि असम में या बीटीसी में आतंकवाद की वजह से किसी भी मां का कोख ना उजड़े। अब बीटीसी में सभी जाति और धर्म के लोग मिल-जुलकर रहते हैं यह देखकर मेरा दिल बाग-बाग हो जाता है। इस मौके पर सीएम ने घोषणा की कि इस वर्ष के अंत तक कोकराझाड़ मेडिकल कॉलेज संपूर्ण रुप से काम करने लगेगा और 2023 के जनवरी महीने में बीटीसी के तामुलपुर जिले में भी नए मेडिकल कॉलेज बनाने का काम शुरू किया जाएगा। साथ ही कहा कि सरुसजाई में 1.5 सौ करोड़ रुपए के लागत से एक क्रीड़ा मैदान का निर्माण कार्य भी जनवरी में शुरू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यूपीपीएल बहुत ही कम समय में एक चमकता हुआ तारे के रुप में उभरा है। यूपीपीएल और भाजपा गठबंधन बहुत दिनों तक चलेगा। 2024 का लोकसभा चुनाव भी हम एक साथ मिलकर लडेंगे। उन्होंने हग्रामा महिलरी का नाम लिए बिना कहा कि एक समय था कि यहां दुर्नीति का बोलबाला था। मगर प्रमोद बोड़ो के नेतृत्व की वजह से बीटीसी दुर्नीति मुक्त हो चुका है। इसलिए बोडो समझौता के हर पहलु का दृढ़ता से पालन किया जाएगा। साथ ही एनडीएफबी के नेताओं और कैडरों के सभी मुकदमे बातचीत के जरिए वापस लिए जाएंगे। साथ ही कहा कि असम में बंाग्ला, हिंदी, गोर्खा सहित सभी भाषाओं को बढ़ावा देने के लिए स्कूल खोले जाएंगे तथा सभी भषाओं के विकास के लिए काम किए जाएंगे। बीटीसी में गरीबों को सरकारी राशन मुहैया कराने के लिए जनवरी में राशन कार्ड दिए जाएंगे और राशन कार्ड धारकों के लिए पांच लाख रुपये का बीमा कराया जाएगा ताकि वे कठिन से कठिन इलाज कम खर्च में करा सकें। सभी गरीबों के लिए अरुणोदय योजना भी बीटीसी वासियों के लिए शुुरू की जाएगी। इस अवसर पर मंत्री यूजी ब्रह्म, अभिभावक मंत्री अशोक सिंघल व यूपीपीएल के विधायक, सांसद और ईएम भी उपस्थित थे।
अब बीटीसी में सर्वत्र शांति : हिमंत