पटना : बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज वृहस्पतिवार को पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में 10459 पुलिसकर्मियों के बीच नियुक्ति पत्र का वितरण किया। इस कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने बिहार पुलिस में 44000 स्वीकृत पदों पर शीघ्र नियुक्ति की घोषणा की। सीएम नीतीश ने इन पदों पर भर्ती के लिए पदाधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया है। सीएम नीतीश कुमार ने कहा कि राज्य में कानून का राज है और इसे कायम रखने का काम नए पुलिस कर्मियों का भी है। उन्होंने कहा कि मेरा हमेशा इस बात पर विशेष ध्यान रहा है कि राज्य में पुलिस बालों की कमी न हो, इसलिए समय-समय पर नई बहाली की जाती रही है। सीएम ने बताया कि पहले राज्य में पुलिस बाल की संख्या कम थी, इसलिए हमने आर्मी से रिटायर्ड बलों को सैप के रूप में बहाल किया। इसके बाद भी राज्य में पर्याप्त संख्या में पुलिस बल नहीं है, इसलिए हम अभी भी नई बहाली के लिए निर्देश देते रहते हैं। इस मौके पर राज्य के उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव भी कार्यक्रम में मौजूद थे।