काजीरंगा : इन दिनों असम में बॉलीवुड के फिल्मी सितारों का आगमन लगातार हो रहा है। इस क्रम में देश की पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी पर आधारित इमरजेंसी फिल्म की शूटिंग को लेकर बॉलीवुड क्वीन से मशहूर व बहुचर्चित अभिनेत्री कंगना रनौत काजीरंगा में व्यस्त हैं। कंगनाआज सुबह सात बजे काजीरंगा के बागोरी गांव के दक्षिणी छोर पर स्थित भालुकजुड़ी के पहाड़ी व मैदानी इलाके मे पहुंची। उनके साथ बॉलीवुड की करीब  50 से 60 सदस्यीय टीम भी मौजूद थी। कंगना के आने की खबर पूरे इलाके मे जंगल की आग की तरह फैल गई और देखते ही देखते कंगना को देखने शूटिंग स्थल पर सैकड़ों की संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस के लिए भीड़ को संभालना मुश्किल हो रहा था। मालूम हो कि इमरजेंसी फिल्म की शूटिंग के लिए कंगना अपनी टीम के साथ कुछ दिन पहले ही इलाके मे उपयुक्त लोकेशन की रेकी कर चुकी थी। आज की शूटिंग बांग्लादेश की स्वाधीनता के लिए वर्ष 1971 मे हुए भारत पाकिस्तान युद्ध पर फिल्माई गई, जिसमें दोनों देशों के बीच जमकर गोलीबारी व बम धमाकों का महत्वपूर्ण दृश्य फिल्माया गया। पूरा शूटिंग का नजारा रोमांचित करने वाला था। रविवार शाम पांच बजे तक शूटिंग जारी थी। इससे पहले कंगना बोकाखात के समीप निकरीघाट मे भी इमरजेंसी फिल्म का महत्वपूर्ण दृश्य अपने कैमरे मे कैप्चर किया था। कयास लगाया जा रहा है कि अभी कुछ दिन और काजीरंगा इलाके के कार्बी आंगलांग की पहाड़ियों व सीमावर्ती गांवों में भी उक्त फिल्म की शूटिंग होगी। उल्लेखनीय है कि कंगना रनौत देश की पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय इंदिरा गांधी के जीवन पर आधारित इमरजेंसी नामक फिल्म बना रही है। इसमे वे खुद इंदिरा गांधी की किरदार निभा रही है। कंगना के साथ फिल्म में श्रेयस तलपड़े भी नजर आने वाले हैं। साथ ही अनुपम खेर भी अहम किरदार निभा रहे हैं। फिल्म के पोस्टर कंगना पहले ही रिलीज कर चुकी है। खबरों के मुताबिक कंगना की उक्त फिल्म रिलीज से पहले ही काफी चर्चाओं मे हैं तथा सोशल मीडिया पर इस फिल्म को लेकर अक्सर खबरें आती रहती है। इस फिल्म में वर्ष 1975 में देश मे लगाई गई इमरजेंसी यानी आपातकाल की पृष्ठभुमि के इर्द गिर्द की घटनाओं को बड़ी ही सूक्ष्मता व पारदर्शी तरीके से दिखाने की योजना तैयार की गई है। कंगना के ही निर्देशन में बनने वाली इस फिल्म को लेकर वे काफी मेहनत कर रही है तथा आशान्वित भी है। इससे पहले भी बॉलीवुड अभिनेता आयुष्मान खुराना ने डालामारा व हाथीखुली चाय बागान की पहाड़ी इलाकों तथा रोंगबोंगवे गांव मे अपने फिल्म की शूटिंग की थी। अभी कुछ दिन पहले बॉलीवुड स्टार ऋ तिक रोशन व शक्ति कपूर भी अपने फिल्म के उपयुक्त लोकेशन की तलाश में असम आ चुके हैं। मालूम हो कि कंगना बिना किसी लागलपेट के विवादास्पद बयानों के चलते हरदम मीडिया की सुर्खियों में रहती है। महाराष्ट्र के पूर्व सीएम उद्धव ठाकरे, बॉलीवुड स्टार सलमान खान, मशहूर फिल्म निर्माता करण जौहर तथा बॉलीवुड महानायक की सांसद पत्नी जया बच्चन पर कंगना तीखे हमले कर सुर्खियां बटोर चुकी है। वर्ष 2014 मे आई फिल्म म्ीन में अपने दमदार व जबर्दस्त अभिनय के कारण कंगना को बॉलीवुड क्वीन भी कहा जाता है। उन्हें भारत सरकार की तरफ से पद्मश्री पुरस्कार भी मिल चुका है। इधर इमरजेंसी फिल्म को लेकर कंगना का कहना है कि वे अपनी इस ऐतिहासिक फिल्म को 1970-75 के माहौल में एक यादगार फिल्म के रूप में देखना चाहती हूं।