देवभूमि द्वारका : आम आदमी पार्टी के नेता अरविंद केजरीवाल ने मंगलवार को कहा कि भूपेंद्र पटेल गुजरात के ‘कठपुतली मुख्यमंत्री’ हैं जो अपने सहायक तक को नहीं बदल सकते। आप के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार इशूदान गढ़वी के समर्थन में देवभूमि द्वारका जिले के खंभालिया में एक सभा को संबोधित करते हुए केजरीवाल ने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और कांग्रेस के बीच गुप्त समझौता है। उन्होंने कहा कि गुजरात की जनता के सामने दो चेहरे हैं। एक इशूदान गढ़वी का और दूसरा भूपेंद्र पटेल का। आप किसे वोट देंगे, आप किसे मुख्यमंत्री बनाएंगे?’ दिल्ली के मुख्यमंत्री ने कहा कि गढ़वी युवा हैं, शिक्षित हैं जिनका दिल गरीबों के लिए धड़कता है और वह किसान के बेटे भी हैं। उन्होंने कहा कि जब वह टीवी पर शो प्रस्तुत करते थे तो उन्होंने किसानों के मुद्दे उठाये और ‘तू-तू-मैं-मैं’ नहीं की। उन्होंने किसानों के लिए काम किया है और अपना जीवन किसानों एवं बेरोजगार युवाओं के लिए समर्पित कर दिया।’ आप नेता ने कहा कि दूसरी तरफ भूपेंद्र पटेल हैं। उन्हें कोई अधिकार नहीं है। वह कठपुतली मुख्यमंत्री हैं। वह अपना सहायक तक नहीं बदल सकते। वह अच्छे आदमी हैं, खराब नहीं हैं। मैंने सुना है कि वह बहुत धार्मिक व्यक्ति हैं। लेकिन कोई उनकी नहीं सुनता। वह कठपुतली मुख्यमंत्री हैं।
भूपेंद्र पटेल ‘कठपुतली मुख्यमंत्री’, अपने सहायक तक को नहीं बदल सकते : केजरीवाल