धुबड़ी : राज्यपाल प्रो. जगदीश मुखी आज रविवार को धुबड़ी पहुंचे। साथ ही ऐतिहासिक गुरुद्वारा साहिब में चल रहे तीन दिवसीय शहीदी समारोह में भाग लिया। दूसरी ओर यहां मत्था टेककर गुरु का आशीर्वाद लिया। राज्यपाल ने सिखों के नौवें गुरु तेग बहादुर जी को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर गुरुद्वारा परिसर में सिख प्रतिनिधि बोर्ड इस्टर्न जोन द्वारा आयोजित एक समारोह में भी भाग लिया जहां बोर्ड की तरफ से राज्यपाल को सम्मानित किया गया। मालूम हो कि इस अवसर पर राज्यपाल ने गुरु का लंगर भी ग्रहण किया। इधर आज शहर में नगर कीर्तन व भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जो शहर के हर प्रधान मार्ग से होते हुए गुजरी। दूर-दराज के हजारों की संख्या में पहुंचे सिख श्रद्धालु भक्तों ने इस नगर कीर्तन में भाग लिया। राज्यपाल मुखी ने मौके पर अपने संबोधन में गुरु तेग बहादुर के राष्ट्र के प्रति बलिदान और त्याग का जिक्र किया। दूसरी ओर धुबड़ी गुरुद्वारे को शांति व भाईचारे का प्रतीक बताया। उन्होंने असम के सर्वांर्गीण विकास व सुख समृद्धि की कामना की। मालूम हो कि धुबड़ी स्थित गुरुद्वारा को लेकर मान्यता है कि यहां जो कोई भी सच्चे मन से अरदास करता है, उसकी मन्नतें पूरी होती है। शायद यही कारण है कि सिर्फ सिख धर्मावलंबी ही नहीं,बल्कि अन्य धर्म समुदाय के लोग भी शहीदी दिवस पर मत्था टेकने यहां आते हैं। मालूम हो कि इस मौके पर मेले में जबरदस्त भीड़ देखी जा रही है तथा जिला पुलिस महकमे ने भी सुरक्षा के कड़े इंतजाम कर रखे हैं।
प्रो. मुखी ने गुरु तेगबहादुर के त्याग व बलिदान को किया याद