डिब्रूगढ़ : डिब्रूगढ़ विश्वविद्यालय के ऐतिहासिक पद्मनाथ गोहाईं बरुवा हॉस्टल में छात्र के साथ हुई रैगिंग की घटना को लेकर जिले में तीखी प्रतिक्रिया देखी जा रही है। विश्वविद्यालय के पूर्व तथा वरिष्ठ छात्रों की ओर से रैगिंग के नाम पर उक्त छात्र के साथ बुरी तरह से मारपीट किए जाने का आरोप भी सामने आ रहा है। जानकारी के अनुसार रैगिंग से पीड़ित होकर मानसिक व शारीरिक रूप टूट चुका आनंद शर्मा आज सुबह पांच बजे वार्डन के पास इसकी शिकायत करने जा रहा था। इसी बीच रोजाना रैगिंग करने वाले छात्रों ने उसका गला दबोच लिया व उसे फटकार भी लगाई। इधर अपनी जान बचाने का कोई उपाय न मिलने पर आनंद ने छात्रावास के दूसरे तल्ले से छलांग लगा दी। आनंद को गंभीर अवस्था में आदित्य नॄसग होम के आईसीयू में भर्ती कराया गया। इस घटना में उसके शरीर की कई हड्डियां टूट गईं और फिलहाल हालत नाजुक बताई जा रही है। बताया जाता है कि पिछले कई दिनों से आनंद पर मानसिक और शारीरिक रूप से अत्याचार किया जा रहा था, जिसे लेकर आनंद के परिवार वालों ने डिब्रूगढ़ विश्वविद्यालय प्रबंधन के पास इसकी शिकायत की थी, लेकिन कोई नतीजा नहीं निकला। कल शाम पीड़ित आनंद को पूर्व तथा वरिष्ठ छात्राओं ने बुरी तरह पीटा। इतना ही नहीं,आनंद के हाथ में शराब की बोतल तोड़कर पकड़ा दी और उसकी तस्वीर मोबाइल के कैमरे में कैद कर ली। साथ ही वार्डन से शिकायत न करने की चेतावनी देते हुए उसे धमकाया भी गया। पीड़ित छात्र के परिवार वालों के अनुसार इस घटना में विश्वविद्यालय के स्नातकोत्तर की छात्र एकता सभा के पूर्व साधारण सचिव तथा छात्र मुक्ति संग्राम समिति के सचिव राहुल छेत्री के जुड़े होने का आरोप सामने आया है। इधर विश्वविद्यालय से निकल चुके छात्रों को किस आधार पर हॉस्टल में रहने की अनुमति दी गई, इसको लेकर भी कई सवाल उठाए जा रहे हैं। फिलहाल डिब्रूगढ़ विश्वविद्यालय के वाइस चांसलर डॉ. जितेन हजारिका ने मामले की उचित जांच करने तथा आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है।
रैगिंग से परेशान होकर डिबू्रगढ़ विवि के छात्र ने दूसरे तल्ले से लगाई छलांग, हालत नाजुक