अहमदाबाद : दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने रविवार को लिखित में दावा किया कि आम आदमी पार्टी (आप) आगामी विधानसभा चुनाव में गुजरात में सरकार बनाएगी। उन्होंने गुजरात में सरकारी कर्मचारियों के लिए अगले साल 31 जनवरी तक पुरानी पेंशन योजना के क्रियान्वयन का वादा करते हुए उनसे आप का समर्थन करने का अनुरोध भी किया। सूरत में एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए आप के राष्ट्रीय संयोजक केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली तथा पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए की गई उनकी भविष्यवाणी सच साबित हुई और गुजरात में भी ऐसा ही होगा। उन्होंने दावा किया कि लोग सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) से इतने डरे हुए हैं कि वे गुजरात विधानसभा चुनाव में आप के लिए समर्थन को खुलकर स्वीकार करने से हिचक रहे हैं। गुजरात में दो चरणों में एक तथा पांच दिसंबर को मतदान होना है। केजरीवाल ने कहा कि मैं आप सबके सामने लिखित रूप से एक भविष्यवाणी करने जा रहा हूं। लिख लीजिए कि आप गुजरात में सरकार बनाने जा रही है। 27 साल के कुशासन के बाद गुजरात के लोगों को इन लोगों (भाजपा) से छुटकारा मिलेगा। इसके बाद उन्होंने अपनी ‘भविष्यवाणी’ एक कागज पर लिखी और इसे मीडियाकर्मियों को दिखाया। आप के राष्ट्रीय संयोजक ने पुरानी पेंशन योजना समेत अन्य मांग कर रहे सरकारी कर्मचारियों से राज्य में उनकी पार्टी की सरकार बनाने में मदद करने का आग्रह किया।
आप गुजरात विधानसभा चुनाव जीतेगी