सिलचर : मुख्यमंत्री डॉ.हिमंत विश्वशर्मा की अध्यक्षता में आज मंगलवार को बराक घाटी के मुख्य शहर सिलचर में कैबिनेट बैठक का आयोजन किया गया।  इस मौके पर  बराक घाटी और गुवाहाटी  की विकास यात्रा को आगे बढ़ाने के लिए कई महत्वपूर्ण फैसले लिए गए। इस  बैठक में अरुणोदय योजना सहित गुवाहाटी में नए फ्लाईओवर के निर्माण, कई जिलों में मेडिकल कॉलेजों के निर्माण और बराक घाटी के विकास संबंधी अहम फैसले लिए गए। बैठक के बाद मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्वशर्मा  ने कहा कि मंत्री-परिषद ने 31 मार्च तक 10 लाख 57 हजार 516 नए अरुणोदय लाभार्थियों जोड़ने का निर्णय लिया । नए अरुणोदय लाभार्थियों के लिए आवेदन अगले साल 7 जनवरी से किए जा सकेंगे। राज्य में वर्तमान में 17 लाख अरुणोदय लाभार्थी हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि अब से इंदिरा मिरी सार्वजनीन पेंशन और दीनदयाल विकलांग योजना को अरुणोदय योजना से जोड़ा जाएगा, वहीं विधवा पेंशन को 250 रुपए से बढ़ाकर 1250 रुपए किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि कैबिनेट ने राजस्व संबंधी 322 प्रस्तावों को मंजूरी दी है। उन्होंने कहा कि गुवाहाटी शहर के विकास के लिए तीन नए फ्लाईओवरों का निर्माण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि एक फ्लाईओवर डाउन टाउन अस्पताल के सामने जीएस रोड पर, एक फटाशील आमबाड़ी-साइकिल फैक्ट्री के सामने और एक कुमारपाड़ा में फटाशील आमबाड़ी रोड पर बनाया जाएगा। एक कंपनी को तीनों फ्लाईओवर की प्रोजेक्ट रिपोर्ट तैयार करने का जिम्मा सौंपा गया है। इस बीच बोरझार हवाई अड्डे के टर्मिनल भवन के पास से अजारा तक एक नई सड़क का निर्माण किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार पांच दिसंबर से कई जिलों के विकास के लिए एक सप्ताह का कार्यक्रम चलाएगी, इनमें तामुलपुर में नए मेडिकल कॉलेज का निर्माण, बाक्सा और तमुलपुर के बीच पगलाड़िया नदी पर नए पुल का निर्माण, गोलाघाट में नए मेडिकल कॉलेज का निर्माण, माजुली और लखीमपुर को जोड़ने वाले लुइत पर नए पुल का निर्माण आदि शामिल हैं। सरकार 5 जनवरी से 20 जनवरी तक कई अन्य जिलों के विकास के लिए दूसरे सप्ताह का कार्यक्रम आयोजित करेगी। सीएम ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बराक घाटी के लिए कई विकास योजनाओं की घोषणा की। बैठक में बराक इंजीनियरिंग कॉलेज के विकास के लिए 50 करोड़ रुपए, सिलचर मेडिकल कॉलेज में सुपर स्पेशियलिटी विभाग के निर्माण के लिए 227 करोड़ रुपए और सिलचर जेल को लखीपुर में स्थानांतरित करने को भी मंजूरी दी गई, वहीं सिलचर जेल को बोटोनिकल गार्डन बनाया जाएगा। कछार के तीन स्कूलों कछार हाई स्कूल, नरसिंह हाई स्कूल तथा डीएन स्कूल धोलाई को हेरिटेज स्कूल बनाया जाएगा। बराक घाटी में राइस मिल की स्थापना की जाएगी।  सिलचर की अन्य परियोजनाओं में बैतुकांदी तटबंध के लिए 59 करोड़ रुपए, मिनी सचिवालय के लिए 135 करोड़ रुपए और रामनगर में एक एलिवेटेड कॉरिडोर का निमार्ण शामिल हैं।