जोरहाट शहर में पिछले कुछ दिनों से घट रही आपराधिक घटनाओं की कड़ी से कड़ी जुड़ती जा रही है। गत शनिवार को हुई गोलीकांड की घटना की गरमाहट अभी थमी भी नहीं थी कि आज शाम फिरौती के लिए एक किशोर के अपहरण का मामला सामने आने के बाद मानो शहर में हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार शहर के बांसबाड़ी निवासी राधे प्रसाद व पेशे से राजमिस्त्री का पुत्र अमरजीत प्रसाद (17) आज शाम चार बजे घर से घुमने के लिए बाइक लेकर निकला। जाते वक्त उसने अपनी मां को आस-पास घूमकर पुनः लौटने की बात कही। लेकिन काफी देर तक अमरजीत नहीं लौटा तो उसके परिवार वालों ने उसके मोबाइल पर लगातार संपर्क साधने का प्रयास किया। पहले तो मोबाइल स्वीच ऑफ आ रहा था। लेकिन शाम लगभग आठ बजे एक युवक ने फोन उठाया और उनके पुत्र का अपहरण होने की बात कही। साथ ही अपहर्ता ने 50 लाख रुपए के फिरौती की मांग की। घटना के बाद जहां पूरा परिवार सदमे में है, वहीं परिवार वालों की तरफ से सदर थाने में एक मामला दर्ज कराया है। मालूम हो कि अमरजीत जोरहाट के हेमलता हैंडिक हाई स्कूल में दसवीं कक्षा का छात्र है।