कोहिमा : उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने कहा गुरुवार को नगालैंड के नगा हेरिटेज विलेज किसामा में कहा कि भारत संस्कृति की भूमि है और भारतीयों को अपनी आदिवासी संस्कृति पर गर्व है। नगाओं की अनूठी संस्कृति और गौरवशाली इतिहास की प्रशंसा करते हुए धनखड़ ने कहा कि मैं आदिवासी संस्कृति को सलाम करता हूं। मैं आदिवासी ऊर्जा को सलाम करता हूं। उपराष्ट्रपति किसामा में प्रसिद्ध हॉर्नबिल महोत्सव के 23वें संस्करण का उद्घाटन करने के एक सभा को संबोधित कर रहे थे। उपराष्ट्रपति ने नगालैंड के राज्यपाल और मुख्यमंत्री के साथ महोत्सव की शुरुआत की घोषणा करने के लिए उद्घाटन घंटा बजाया। उन्होंने राज्य के प्राकृतिक सौंदर्य को मनमोहक बताते हुए रेखांकित किया कि राज्य में पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं, जिनका पूरा दोहन करने की जरूरत है। उपराष्ट्रपति के रूप में नगालैंड के अपने पहले दौरे पर आए धनखड़ को उद्घाटन समारोह में सिफी (पारंपरिक नागा टोपी) और अमुला कक्सा (नागा शॉल) से सम्मानित किया गया। देश में महिलाओं के खिलाफ सबसे कम अपराध दर होने पर नगालैंड की सराहना करते हुए उपराष्ट्रपति ने कहा कि राज्य महिला सशक्तिकरण में रास्ता दिखा रहा है। धनखड़ ने कहा कि भारत ने आज से जी-20 की अध्यक्षता ग्रहण कर ली है और अगले वर्ष अप्रैल में राज्य में जी-20 की बैठक होने पर दुनिया नगा आतिथ्य का अनुभव कर सकेगी। इस मौके पर उपराष्ट्रपति ने त्योहार के उपलक्ष्य में एक डाक टिकट भी जारी किया। हॉर्नबिल फेस्टिवल के उद्घाटन के बाद, उपराष्ट्रपति ने नागा हेरिटेज विलेज, किसामा में आर्ट गैलरी और मोरंग्स का दौरा किया। इससे पहले दिन में उपराष्ट्रपति ने राजभवन, कोहिमा में नगालैंड के राज्यपाल प्रो. जगदीश मुखी, मुख्यमंत्री नेफ्यू रियो, उपमुख्यमंत्री वाई पैटन और मंत्रिपरिषद से मुलाकात की।
भारतीयों को अपनी आदिवासी संस्कृति पर गर्व