नई दिल्ली : दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) चुनाव से पहले शुक्रवार को मतदाताओं से भ्रष्टाचार से ग्रस्त एमसीडी को साफ करने के लिए आम आदमी पार्टी (आप) को एक मौका देने की अपील की। राष्ट्रीय राजधानी में व्यापारियों की ‘टाउन हॉल’ जैसी बैठक को संबोधित करते हुए केजरीवाल ने कहा कि ऐसा कभी नहीं हुआ कि दिल्ली सरकार और एमसीडी में एक ही पार्टी का नियंत्रण हो। केजरीवाल ने कहा कि बदलाव की जरूरत है। परिवर्तन आवश्यक है। बदलाव के लिए सबसे बड़ा कारण अहंकार है। अगर कोई बदलाव नहीं होता है, तो अहंकार पैदा होता है, ठीक वैसा ही जैसा गुजरात में भाजपा के साथ हुआ है। वे 15 साल से एमसीडी पर राज कर रहे हैं और बदलाव की जरूरत है। ‘आप’ के राष्ट्रीय संयोजक ने कहा कि इतने सालों में ऐसा कभी नहीं हुआ कि दिल्ली सरकार और एमसीडी में एक ही पार्टी हो। आइए इस बार एक दल की सरकार बनाने का प्रयास करें। मुझे भी आराम होगा। मैं विधायक और पार्षद दोनों को बुलाऊंगा और पूछूंगा कि काम क्यों नहीं हुआ। दिल्ली के मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि एमसीडी भ्रष्टाचार में लिप्त है और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का इसे साफ करने का कोई इरादा नहीं है। केजरीवाल ने कहा कि एमसीडी में भ्रष्टाचार की समस्या है। नीयत साफ नहीं है। नीयत साफ होती तो सारी मुश्किलें खत्म हो जाती हैं।