जल ही जीवन है’ यह वाक्य हम सभी ने सुना है और यह बिल्कुल सही भी है। क्योंकि पानी के बिना जीवन की कल्पना की भी नहीं जा की सकती। इसलिए हम सभी को पानी के महत्व  को समझना चाहिए और अपने बच्चों  को भी पानी के महत्व के बारे में समझाना चाहिए। अक्सर हमने देखा है कि बच्चे पानी से खेलना काफी पसंद करते हैं जिसके चलते वे किचन में या बाथरूम में बहुत पानी बर्बाद करते हैं। इसलिए हम सभी को अपने बच्चों को पानी के महत्व और उसे बचाने के तरीकों के बारे में सिखाना चाहिए। तो यहां हम आपको कुछ ऐसी टिप्स बताने जा रहे हैं जिनकी मदद से आप अपने बच्चों को पानी के महत्व के बारे में आसानी से सिखा सकते हैं। हम सभी ने बच्चों को अक्सर यूं ही पानी बहाते हुए देखा है। यदि आपको अपने बच्चों को पानी की बचत करना सिखाना है तो पहले आपको उन्हें पानी का महत्व बताना पड़ेगा। जब वो पानी के महत्व को जान जाएंगे तो पानी बर्बाद भी नहीं करेंगे।

-बच्चे जो देखते हैं वही सीखते हैं। इसलिए उन्हें पानी की बचत सिखाने से पहले आप खुद पानी की बचत करना सीखीए। वह आपको पानी बचाते हुए देखेंगे तो वह भी ऐसा ही करेंगे।

-बच्चों को पानी की बचत करना सिखाने के लिए आप उदाहरण देकर भी समझा सकते हैं। जैसे उन्हें बताएं कि नहाने के लिए पहले बकेट में पानी भर ले फिर नहाएं। नहाते वक्त नल बंद रखें। उनकी स्कूल की पानी की बोतल में घर आते वक्त यदि पानी बच जाए तो उस पानी को यूं ही फेंकने की बजाय किसी पेड़ या गमले में डाल दें। 

-बच्चों को पानी की बचत के बारे में आसान तरीकों से समझा सकते हैं। जैसे आप उन्हें बोलें की ब्रश करते वक्त नल को बंद करके रखें जिससे पानी व्यर्थ ना बहे, नहाने या हाथ धोने के बाद नल को अच्छी तरह से बंद करें। इस प्रकार के छोटे-छोटे तरीकों से बच्चे पानी की बचत करना जल्दी सीखेंगे। किसी भी व्यक्ति को प्रोत्साहित करना उसके अंदर का मनोबल बढ़ाता है। इसीलिए बच्चों को सिर्फ पानी की बचत और उसका महत्व ही समझाना काफी नहीं है, अगर आप कभी अपने बच्चों को पानी की बचत करते हुए देखें तो उनकी तारीफ करें और इसके लिए उन्हें प्रोत्साहित भी करें। इससे वे भविष्य में भी पानी की बचत करने के प्रति प्रोत्साहित होंगे