नई दिल्ली : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोमवार को कहा कि भारत को जी-20 की अध्यक्षता मिलना सभी नागरिकों के लिए गौरव की बात है और यह भारत, भारतीयता और भारतीय संस्कृति को विश्व में स्थापित करने का अवसर है। मोदी ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय पदाधिकारियों की दो दिवसीय बैठक के उद्घाटन के बाद अपने संबोधन में यह बात कही। प्रधानमंत्री के संबोधन की प्रमुख बातें मीडिया से साझा करते हुए छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री व भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रमन सिंह ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि कैसे कोविड-19 महामारी और यूक्रेन-रूस युद्ध जैसे संकटों के बीच भारत विगत वर्षों में विश्व की एक बड़ी आर्थिक शक्ति के रूप में उभरा है और पूरी दुनिया इसकी सराहना भी कर रही है। उनके मुताबिक मोदी ने कहा कि भारत को जी-20 की अध्यक्षता गौरव की बात है और यह भारत, भारतीयता और भारतीय संस्कृति को विश्व में स्थापित करने का अवसर है। सिंह के मुताबिक, प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में काशी-तमिल सम्मेलन के आयोजन का उल्लेख किया और इसे ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ का शानदार उदाहरण बताया। मोदी ने कहा कि उन्होंने हैदराबाद में हुई भाजपा की राष्ट्रीय कार्यसमिति की बैठक में ‘स्नेह मिलन’ का विचार प्रस्तुत किया था। उन्होंने कहा कि सांस्कृतिक आदान-प्रदान के लिए ऐसे कार्यक्रमों को प्रोत्साहित किया जाना चाहिए। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री ने भाजपा नेताओं का आह्वान किया कि सीमा से लगे गांवों का दौरा करते रहें और वहां रहने वाले लोगों से मिलते रहें, ताकि उनमें देश से कटने वाली भावना विकसित ना हो।
जी-20 की अध्यक्षता मिलना गौरव की बात, भारतीय संस्कृति को स्थापित करने का सुअवसर : मोदी