नई दिल्ली : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बृहस्पतिवार को गुजरात विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को मिली प्रचंड जीत के लिए राज्य की जनता को नमन किया और कहा कि उन्होंने इस बार न सिर्फ कमाल किया, बल्कि रिकॉर्ड तोड़ने में भी रिकॉर्ड बना दिया। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में भाजपा की महज एक प्रतिशत वोट के अंतर से हार हुई है, लेकिन इसके बावजूद इस पहाड़ी प्रदेश के विकास के लिए उनकी प्रतिबद्धता शत प्रतिशत रहेगी। गुजरात  और हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव के नतीजे आने के बाद मोदी राजधानी स्थित भाजपा मुख्यालय में कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि इस बार वाकई गुजरात ने तो कमाल ही कर दिया। मैं गुजरात की जनता को नमन करता हूं। उन्होंने कहा कि अब तक का सबसे प्रचंड जनादेश भाजपा को देकर गुजरात के लोगों ने नया इतिहास रच दिया है। उन्होंने कहा कि ढाई दशक से निरंतर सरकार में रहने के बावजूद इस प्रकार का प्यार अभूतपूर्व है। यह अद्भुत है। लोगों ने जाति, वर्ग, समुदाय और हर तरह के विभाजन से ऊपर उठकर भाजपा को वोट दिया है। भाजपा गुजरात के हर घर और परिवार का हिस्सा है। प्रधानमंत्री ने कहा कि गुजरात विधानसभा चुनाव के प्रचार के दौरान उन्होंने राज्य की जनता से नरेंद्र का रिकार्ड तोड़ने की अपील की थी, लेकिन गुजरात की जनता ने तो रिकॉर्ड तोड़ने में भी रिकॉर्ड बना दिया। उन्होंने कहा कि जनता ने तो अब तक के सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए। गुजरात के इतिहास का सबसे प्रचंड जनादेश भाजपा को देकर गुजरात के लोगों ने नया इतिहास बना दिया है। मोदी ने इस बात का विशेष उल्लेख किया कि इस बार के गुजरात चुनाव में मतदान करने वाले 1 करोड़ से भी ज्यादा मतदाता ऐसे थे, जिन्होंने कभी भी ‘कांग्रेस के कुशासन और उसकी बुराइयों’ को देखा नहीं था और उन्होंने सिर्फ भाजपा की ही सरकार को देखा था। उन्होंने कहा कि युवा जांचने और परखने के बाद ही कोई फैसले लेता है और वह सिर्फ इसलिए किसी पार्टी को मतदान नहीं करता है, क्योंकि वह दशकों से सत्ता में रही या फिर उस पार्टी के नेता किसी बड़े परिवार के हैं। उन्होंने कहा कि जब उन्हें भरोसा होता है और सरकार का काम प्रत्यक्ष नजर आता है, तभी वह उस पार्टी को वोट देते हैं। इसलिए आज युवाओं ने जब भाजपा को भारी संख्या में वोट दिया है। सीट से लेकर वोट तक के सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं, तो इसके पीछे का संदेश बहुत स्पष्ट है। इसका मतलब है युवाओं ने हमारे काम को जांचा परखा और उस पर भरोसा किया है। प्रधानमंत्री ने कहा कि देश के युवा अब भाजपा की विकास वाली राजनीति चाहते हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा का बढ़ता जनसमर्थन दर्शाता है कि परिवारवाद और भ्रष्टाचार के खिलाफ जनाक्रोश लगातार बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि मैं इस बात को स्वस्थ लोकतंत्र के लिए एक शुभ संकेत के रूप में देखता हूं।