चेन्नई : चक्रवाती तूफान मैंडूस के असर से नागपट्टिनम त्रिची में तेज हवाएं चल रही हैं और समुद्र में ऊंची लहरें उठ रही हैं। साइक्लोन मैंडूस के चलते तमिलनाडु के तटीय इलाकों में जमकर बारिश हो रही है। तेज हवाओं और आंधी से सैकड़ों पेड़ उखड़ गए हैं। यहां 13 जिलों में रेड अलर्ट जारी किया गया है। स्कूल-कॉलेजों में छुट्टी घोषित कर दी गई है। इधर, चेन्नई में तेज बारिश और हवाओं की वजह से 13 फ्लाइट कैंसिल करनी पड़ी हैं। हालात को देखते हुए चेन्नई में एनडीआरएफ को तैनात किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार मैंडूस बंगाल की खाड़ी में वेस्ट से नॉर्थ वेस्ट की तरफ बढ़ रहा है। यह 9 दिसंबर की रात पुडुचेरी और श्रीहरिकोटा के बीच उत्तर तमिलनाडु, पुडुचेरी और दक्षिण आंध्र प्रदेश के तट को पार करेगा। उस वक्त हवा की रफ्तार 65-75 किमी प्रति घंटे होने का अनुमान है। साइक्लोन के तट से टकराने के दौरान हवा की रफ्तार बढ़कर 105 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। ग्रेटर चेन्नई कॉर्पोरेशन कमिश्नर ने मैंडूस साइक्लोन के खतरे को देखते हुए लोगों से पेड़ों के आसपास अपनी गाडç¸यां पार्क न करने को कहा है। सभी पार्क और प्ले ग्राउंड बंद करने के आदेश दे दिए गए हैं। साथ ही लोगों को शुक्रवार और शनिवार समुद्र के किनारे न जाने को कहा गया है। शिक्षा मंत्री ए नमस्सिवम ने कहा कि पुडुचेरी और कराईकल में सभी स्कूल-कॉलेज बंद कर दिए गए हैं। तमिलनाडु के साथ मैंड्रोस के असर से आंध्र प्रदेश में भी तेज बारिश जारी है। शुक्रवार को प्रसिद्ध तीर्थ स्थान तिरुमाला तिरुपति में बारिश की वजह से अफरातफरी मच गई। यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु भगवान बालाजी के दर्शन करने पहुंचते हैं। वे सभी बारिश से बचने के जतन करते नजर आए। इंडियन कोस्ट गार्ड ने चक्रवात के खतरे के बीच कई उपायों की शुरुआत की है। एक अधिकारी ने कहा कि राज्य प्रशासन ने समुद्र किनारे रह रहे लोगों के लिए अलर्ट जारी किया है। राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरणों से स्थानीय प्रिंट, टेलीविजन और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के जरिए लोगों को लगातार अपडेट किया जा रहा है। इधर समुद्र में न जाने देने से नाराज लोग प्रदर्शन भी कर रहे हैं। मौसम विभाग ने कहा है कि तूफान से सबसे ज्यादा प्रभावित तमिलनाडु होगा।
चक्रवात मैंडूस से तमिलनाडु में तबाही 13 जिलों में स्कूल बंद